Uncategorized

विधान सभा अध्यक्ष ने मां के नाम पर लगाया पलाश का पौधा

हरविन्द्र कल्याण बोले – सेवा पखवाड़ा हम सभी को करवा रहा कर्तव्यबोध।
2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी।
विधायक,अधिकारियों ने एमएलए हॉस्टल परिसर में लगाए 300 पौधे।

चंडीगढ़, प्रमोद कौशिक 19 सितंबर : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को एमएलए हॉस्टल परिसर में पलाश का पौधा लगाकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद एनआईटी फरीदाबाद से विधायक सतीश कुमार फागना और विधान सभा अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया। इस अवसर पर ट्रैवलर पाम, सेगियम, एरोकेरिया, पलाश, मिशेलिया चम्पाका, कटोसिया, हिबिस्कुस, थ्यूजा, बेला पत्ता अंजीर, इक्सोरा, फ़िकस पांडा, नेकोडिया आदि के 300 से अधिक पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा देश के प्रत्येक व्यक्ति को कर्तव्यबोध करवाने के साथ सेवा की भावना जागृत कर रहा है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हम सभी को अपने-अपने स्तर पर भूमिका निभानी होगी। हरियाणा में अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री व मंत्रियों से लेकर सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी और आम जन तक इस प्रकार की समाज उपयोगी गतिविधियों में लगे हैं।
विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि नारी शक्ति, युवा, किसान और गरीब व्यक्ति विकसित भारत के चार स्तंभ हैं, जिनके उत्थान के लिए बड़े स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। केंद्र सरकार की ओर से गत 17 सितंबर को शुरू किए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान को मातृशक्ति के लिए वरदान बताते हुए विस अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के तहत देश भर में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक लाख स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं जैसे एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर के लिए व्यापक जांच की जा रही है। कल्याण ने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते महिलाओं का स्वास्थ्य प्रभावित होता है। इस कारण प्रधानमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की विशेष रूप से चिंता की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान विकसित भारत 2047 की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए विस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो लगातार मजबूत हो रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों की कल्पना के अनुसार ही देश लगातार आगे बढ़ रहा है। विकास की इस यात्रा में विधायिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। अच्छी चर्चा से अच्छी योजनाएं बनती हैं, अच्छे कानूनों का निर्माण होता है। यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगाह किया कि किसी भी व्यक्ति को देश की व्यवस्थाओं को लेकर गैर जिम्मेदारान बयान नहीं देना चाहिए। लोगों का संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार विश्वास बढ़ा है। ऐसे में जिम्मेदार लोगों का कर्तव्य और भी बढ़ जाता है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 3 स्थित हरियाणा एमएलए हॉस्टल परिसर में सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को पलाश का पौधा लगाते हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel