Uncategorized

बमनपुरी रामलीला से आज निकली राम बारात, जमकर उड़ा गुलाल

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )

बरेली : बमनपुरी में चल रही 166वीं श्री रामलीला के छठे दिन श्री रामजी की बारात शहर भर मे निकाली गई गौरतलब है कि कल रामलीला में सीता स्वयंवर व धनुष यज्ञ की लीला का मंचन हुआ था। सीता स्वयंवर में प्रभु श्री राम गुरू विश्वामित्र की आज्ञा से शिव धनुष को उठा कर प्रत्यंचा चढ़ाते हैं, फिर सीता जी राम जी का विवाह संपन्न हो जाता है। इसी विवाह के परिणाम स्वरूप य़ह राम बारात निकाली जाती हैं। जिसका जगह-जगह स्वागत-सत्कार हुआ,
रामलीला अध्यक्ष राजू मिश्रा ने बताया कि आज की राम बारात अद्भुत रही य़ह राम बारात श्री नरसिंह मंदिर ब्रह्मपुरी लीला स्थल से पूजन के उपरांत सुबह 11 बजे से शुरू होकर मलूकपुर चौराहा, बिहारी पुर ढाल, कुतुबखाना, रोडवेज, बरेली कॉलेज, कालीवाडि, श्यामगंज, चौराहा, साहू गोपी नाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, कुतुब खाना चौराहा, बड़ा बाजार, किला चौराहा, सिटी सब्जी मंडी, मलूकपुर चौराहा होते हुए शाम 6 बजे वापस श्री नरसिंह मंदिर पर समाप्त हुई।
प्रवक्ता विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि कल चंद्र ग्रहण पड़ने के कारण श्री नरसिंह भगवान की शोभायात्रा परसों बुधवार को निकलेगी।
परंपरा के अनुसार श्रीराम बरात सुबह करीब 11 बजे शहर के मोहल्ला बड़ी बमनपुरी से रवाना होकर 11:30 बजे मलूकपुर चौराहे पहुंची। सजे हुए लकड़ी के रथ पर श्रीराम, लक्ष्मण और गुरु विश्वामित्र के स्वरूप बिराजमान थे। जगह-जगह श्रद्धालु श्रीराम-लक्ष्मण और विश्वामित्र के स्वरूपों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना करने के साथ आरती उतार रहे थे। रंगों के साथ फूलों की बरसा हो रही थी। स्वरूपों के साथ रथ में सवार भक्त प्रसाद वितरण कर रहे थे।
कोतवाली पर राम बारात का स्वागत द हिन्दू सोशल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिव कुमार बरतरिया ने किया उसके बाद उपजा चौराहे पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ पवन सक्सेना ने किया। बरेली कॉलेज चौराहे पर खेल जगत फाउंडेशन के सर्वेसर्वा रतन गुप्ता ने, पीस कमेटी व अमन कमेटी ने साहू गोपी नाथ कॉलेज पर तथा लाल मस्जिद पर मुस्लिम समुदाय ने बारात का स्वागत किया। उसके बाद जब बारात शिवाजी मार्ग से गुजरी तो वहाँ वन्य एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने स्वागत किया।
बारात में शामिल हुरियारे होली के गीतों पर झूमते नाचते चल रहे थे। श्रीराम बरात को देखने के लिए एकत्र हुए लोग अपने-अपने घरों की छतों से रंगों की बौछार करते नजर आए। वहीं पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और जवान सुरक्षा दीवार बनकर साथ-साथ चल रहे थे। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही थी।
रथ के आगे-आगे ट्रैक्टर में जुड़े तीन ठेले चल रहे थे। इन ठेलों पर रखे ड्रमों में रंग भरा था। ठेलों पर सवार हुरियारे पंपों के जरिये लोगों पर रंगों की बौछार कर रहे थे। साथ में बैंड-बाजा और डीजे चल रहा था, जिस पर बज रहे होली के गीतों पर लोग झूमते नाचते चल रहे थे।
श्रीराम बारात के रास्ते में जगह-जगह लोगों ने कड़ाहे और ड्रमों में रंग भर रखा था, जो श्रीराम बारात में शामिल ठेलों पर सवार हुरियारों से मोर्चाबंदी कर रहे थे।
श्रीराम बारात में सुरक्षा के लिहाज से एसपी सिटी मानुष पारीख, सीओ फस्ट आशुतोष शिवम, सीओ सेकंड अंजनी कुमार तिवारी, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह, एएसपी, सात इंस्पेक्टर, पांच थाना प्रभारी, 108 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल और 16 महिला कांस्टेबल और एक कंपनी पीएसी भी जुलूस के साथ चलती रही। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोतवाली समेत सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया।
रामबरात के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने विशेष एहतियात बरते। जुलूस के मार्ग पर पड़ने वाली 50 से अधिक मस्जिदों और इमामबाड़ों को पहले ही तिरपाल से ढंक दिया गया था, ताकि रंग, अबीर या किसी प्रकार की वस्तु वहां तक न पहुंचे। पुलिस और नगर निगम की टीमों ने रविवार रात से ही यह कार्य शुरू कर दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel