
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 13 अगस्त : हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर परिषद द्वारा भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर परिषद से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर आईईसी बीरेन्द्र कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उनके साथ स्कूल की प्रधानाचार्य प्रिया रानी, आईईसी टीम से विजयपाल, नेहा और सुनीता भी मौजूद रही।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर आईईसी बीरेन्द्र कुमार भारद्वाज ने कहा कि हर घर तिरंगा भारत सरकार का एक खास अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के दिल में देश प्रेम जगाना और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना है। इस अभियान के तहत हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों को अपने घरों और दफ्तरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाता है। राष्ट्रीय ध्वज को हमेशा सम्मान के साथ फहराना चाहिए, झंडा किसी भी हालत में जमीन को नहीं छूना चाहिए, अशोक चक्र झंडे के बीच सफेद पट्टी पर साफ दिखना चाहिए। प्रधानाचार्य प्रिया रानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगे का सम्मान और अपने परिवेश को स्वच्छ रखना, दोनों ही सच्ची देशभक्ति के प्रतीक है। विद्यार्थियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।


