
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर महिलाओं का सपा सांसद आवास के बाहर प्रदर्शन
आज़मगढ़।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किए जाने को लेकर सर्व समाज की महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव के अनवरगंज सेहदा स्थित आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री मंजू सरोज ने कहा कि महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत मिलने जा रहे 33 प्रतिशत आरक्षण का समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं बल्कि उनका अधिकार है। मंजू सरोज ने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद धर्मेन्द्र यादव ने इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा डालने का कार्य किया है, जिसका जवाब महिलाएं आने वाले चुनावों में देंगी।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं समाजवादी पार्टी का आज़मगढ़ समेत पूरे प्रदेश से सफाया करने का संकल्प ले चुकी हैं।
प्रदर्शन में मंजू सरोज, विभा बर्नवाल, बबिता जसरा सरिया, उषा आर्या, वंदना गुप्ता, रानी चौरसिया, अंजना सिंह, मिथिलेश पांडेय, धर्मशीला, प्रगति सिंह, रेनू मौर्या, अनीता सिंह, जूही मद्धेशिया, पूनम शर्मा, साधना निषाद, प्रतिभा, ममता यादव, रोली चौहान, कविता, पूजा गुप्ता, रेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


