Uncategorized

एसवीएसयू के राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा कार्यशाला आयोजित

पलवल, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 23 मार्च : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा नव नियुक्त लिपिकीय एवं एमटीएस कर्मचारियों के लिए द्वि-दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में दक्ष बनाना तथा राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों को आधुनिक हिंदी तकनीकों, भाषा ज्ञान तथा नई तकनीक आधारित उपकरणों के प्रयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विभिन्न सत्रों में व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को कार्यालयीन कार्यों में तकनीक के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया।
कार्यशाला के द्वितीय दिवस विषय-विशेषज्ञ बबली देवी ने अपने ज्ञान एवं अनुभव से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अत्यंत सरल, स्पष्ट एवं व्यावहारिक शैली में आधुनिक डिजिटल उपकरणों, विशेष रूप से जेनरेटिव एआई के उपयोग को विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही उन्होंने गूगल स्लाइड्स और गूगल शीट्स के प्रभावी उपयोग, तथा यूनिकोड आधारित टाइपिंग तथा समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन सभी तकनीकों के समुचित उपयोग से कार्यालयीन कार्यों को अधिक व्यवस्थित, तेज एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। उनके द्वारा प्रस्तुत लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
द्वितीय दिवस के अन्य सत्रों में अनुवाद एवं भाषा रूपांतरण साधनों का प्रयोग, ई-कार्यालय प्रणाली दस्तावेज प्रबंधन तथा निबंधन प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विस्तारपूर्वक कवर किया गया। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल कार्यप्रणाली एवं कार्यालयीन प्रक्रियाओं की व्यवहारिक समझ प्राप्त हुई । प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं अपने दैनिक कार्यों में सहायक बताया। यह कार्यशाला कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने तथा राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel