
भारत विकास परिषद ने डॉ. सूरज प्रकाश की 106वीं जयंती ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाई
कुरुक्षेत्र,प्रमोद कौशिक 27 जून : भारत विकास परिषद कुरुक्षेत्र शाखा ने अपने संस्थापक, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रख्यात समाज सुधारक डॉ. सूरज प्रकाश की 106वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘सेवा दिवस’ का आयोजन किया। परिषद के सेवा प्रकल्प के अंतर्गत, स्थानीय लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में मरीजों के बीच खिचड़ी, चाय और फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. सूरज प्रकाश के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. सूरज प्रकाश ने देश के विभाजन के समय विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए अथक संघर्ष किया था। उनका निस्वार्थ सेवा भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए परिषद हर वर्ष डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती को सेवा दिवस के रूप में मनाती है। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि मनुष्य को सदैव परोपकार और सेवा भाव को अपने जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए। यह पुनीत कार्यक्रम स्थानीय ‘जन सहयोग संस्था’ के साथ मिलकर संपन्न किया गया।
इस सेवा कार्य के अवसर पर परिषद के अध्यक्ष जयप्रकाश पंवार, सचिव डॉ. जवाहर लाल, विजयंत बिंदल, सुभाष बंसल, प्रवीण घई, मितुल अरोड़ा, डॉ. वी.वी. चिकारा, डॉ. सुनील बाला, मास्टर जितेंद्र, चंद्रशेखर, नितिन सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारी अस्पताल में खिचड़ी, चाय और फलों का वितरण किया गया।


