जयराम विद्यापीठ कुरुक्षेत्र में 30 वां सामूहिक विवाह समारोह।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ब्यूरो चीफ – संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
25 जोड़ों का विवाह।
संत महापुरुष देंगे सामूहिक विवाह समारोह में नव दंपतियों को आशीर्वाद।
कुरुक्षेत्र, 19 दिसम्बर : गीता जयंती महोत्सव 2023 के अवसर पर ब्रह्मसरोवर के तट पर श्री जयराम विद्यापीठ में 20 दिसम्बर को आयोजित होने वाले गरीब परिवारों की कन्याओं के 30 वें सामूहिक विवाह समारोह में आशीर्वाद देने के लिए संत महापुरुष भी शामिल होंगे।
श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि 20 दिसम्बर को आयोजित होने वाला सामूहिक विवाह समारोह अपने आप में अलौकिक होगा। पिछले करीब चार दशक से श्री जयराम विद्यापीठ में गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाता है। यह सामूहिक विवाह समारोह पिछले 32 सालों से दिल्ली के श्रीमती सारादेवी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राम लाल गोयल, शिव लाल गोयल, विजय गोयल तथा उनके परिवार के सदस्यों द्वारा आयोजित किया जाता है। ब्रह्मचारी ने सामूहिक विवाह समारोह में नगरवासियों को नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया। ब्रह्मचारी ने कहाकि अगर युवा पीढ़ी तथा बच्चों को गीता का ज्ञान हो जाए तो वर्तमान कई समस्याओं से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने कहाकि भारतीय संस्कृति तथा संस्कारों की रक्षा के लिए नई पीढ़ी को गीता का ज्ञान जरूरी है।
गीता जयंती उत्सव का हर राज्य में आयोजन हो
श्री जयराम विद्यापीठ आयोजन कमेटी के सदस्यों ने कहा कि कुरुक्षेत्र की भांति गीता जयंती उत्सव का देश के हर राज्य में राष्ट्रीय उत्सव व दीपावली की भांति आयोजन होना चाहिए। परमाध्यक्ष ब्रह्मचारी ने कहा कि गीता एवं अन्य वेद पुराणों के ज्ञान व अध्ययन के लिए बच्चों को संस्कृत भाषा आनी चाहिए। जिसके लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा में संस्कृत को अनिवार्य विषय बनाया जाना चाहिए। आज भी विदेशों में भारतीय बच्चों द्वारा जब संस्कृत भाषा का शुद्ध उच्चारण किया जाता है तो देश को गौरव होता है। इस अवसर पर श्रवण गुप्ता, कुलवंत सैनी, राजेंद्र सिंघल, टेक सिंह, के.के. कौशिक, रोहित कौशिक, राजेश सिंगला, ईश्वर गुप्ता, सुरेन्द्र गुप्ता, चंद्रभान कमौदा, रणबीर भारद्वाज, राजेश लेखवार शास्त्री, सतबीर कौशिक इत्यादि भी मौजूद थे।
विद्यापीठ में सामूहिक विवाह समारोह के अवसर पर नवदंपतियों को दिया जाने वाला सामान।