75 वें गणतंत्र दिवस का ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में कार्यक्रम का हुआ आयोजन।
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
कुरुक्षेत्र 26 जनवरी : कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड एवं हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 75 वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन ब्रह्म सरोवर के पुरूषोत्तमपुरा बाग में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में व्यास पीठासीन श्री श्री 1008 श्री परमपूज्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ सद्गुरु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानन्द गिरि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में विद्यमान रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ ध्वजारोहण के साथ आरम्भ हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य डॉ. ऋषि पाल मथाना ने भारतीय संविधान के इतिहास तथा उसकी विशेषताओं की सुन्दर विवेचना प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह एक विचारणीय प्रश्न है कि कभी विश्वगुरु रहे भारत को क्यों गुलामी का दंश झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि राम राज्य की संकल्पना को मूर्त रूप देने से ही भारत पुन: विश्व गुरु की पदवी को सुशोभित कर सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानन्द गिरि महाराज ने कहा कि भारत की भूमि से ही सनातन धर्म का उदय हुआ है बाकी तो सभी सम्प्रदाय एवं पंथ हैं। उन्होनें कहा कि यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि भारत ही विश्व का एकमात्र सनातन राष्ट्र है जहां सबसे पहले ब्रह्मविद्या एवं दर्शन का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि भारत को सबसे पहले सुसंस्कृत नागरिक सभ्यता के आविर्भाव और विकास की भूमि होने का भी सौभाग्य प्राप्त है। राजनीति में स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि परमार्थ के स्थान होना चाहिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के तीनों रंगों एवं बीच में स्थित चक्र के विषय में बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का भगवा रंग भक्ति एवं समर्पण का प्रतीक, सफेद रंग ज्ञान का प्रतीक तथा हरा रंग कर्म का प्रतीक है तथा बीच में स्थित चक्र काल चक्र को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा कला परिषद के कलाकार मयंक की टीम द्वारा देशभक्ति के गीतों की सुन्दर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गई जिसने सभी दर्शकों को देश भक्ति के रंग में रंग डाला। कार्यक्रम का मंच संचालन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के प्राध्यापक डॉ. अशोक शर्मा ने किया।
इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा अपने दो कर्मठ सफाई कर्मियों चरणजीत कौर एवं धर्मवीर को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में बोर्ड के सदस्य अशोक रोशा, डॉ. एमके मौदगिल, कैप्टन परमजीत सिंह सहित कुरुक्षेत्र के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी बोर्ड द्वारा उनके योगदान हेतु सम्मानित किया गया। आज इस अवसर पर श्री ब्राह्मण तीर्थोद्धार सभा, गुर्जर समाज सभा, कश्यप राजपूत सभा, रोड़ समाज सभा, जांगड़ा ब्राह्मण सभा, सैनी समाज सभा, सिक्ख समाज, न्यू कॉलोनी एवं सेक्टर-5 के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।