नवीन जिन्दल फाउंडेशन और स्टैंडर्डाइज्ड टेस्ट ऑफ इंग्लिश प्रोफिशिएंसी (STEP) के सहयोग से यूआईईटी छात्रों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर यूआईईटी के छात्रों को अंग्रेजी दक्षता व रोजगार कौशल बढ़ाने के लिए हुआ समझौता।
कुरुक्षेत्र,(प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) 26 फरवरी : नवीन जिन्दल फाउंडेशन ने स्टैंडर्डाइज्ड टेस्ट ऑफ इंग्लिश प्रोफिशिएंसी (STEP) के साथ साझेदारी कर कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के विद्यार्थियों के लिए संरचित अंग्रेजी एवं रोजगार कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने की पहल की है।
इस संबंध में नवीन जिन्दल फाउंडेशन और स्टैंडर्डाइज्ड टेस्ट ऑफ इंग्लिश प्रोफिशिएंसी (STEP) के बीच नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। फाउंडेशन की ओर से उपाध्यक्ष एवं कौशल विभाग प्रमुख डॉ. मनीष मिश्रा तथा स्टैंडर्डाइज्ड टेस्ट ऑफ इंग्लिश प्रोफिशिएंसी के बिजनेस हेड पुंडी श्रीराम ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत यूआईईटी के विद्यार्थियों का प्रारंभिक कंप्यूटर आधारित आधारभूत मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे उनकी वर्तमान अंग्रेजी भाषा दक्षता का आकलन हो सके। मूल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों को स्टैंडर्डाइज्ड टेस्ट ऑफ इंग्लिश प्रोफिशिएंसी के इंटरएक्टिव ई-लर्निंग मॉड्यूल उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें प्रशिक्षकों द्वारा संचालित कक्षा सत्रों से भी सुदृढ़ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रमाणन मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति और परिणामों को मापा जाएगा।
यह पहल विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा दक्षता, कार्यस्थल संचार कौशल और समग्र रोजगार क्षमता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। संरचित भाषा प्रशिक्षण और पेशेवर कौशल विकास को परिसर स्तर पर उपलब्ध कराकर यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन तकनीकी शिक्षा के साथ साथ प्रभावी संवाद कौशल प्रशिक्षण व प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में सफलता की आधारशिला हैं। यह साझेदारी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और वैश्विक अवसरों के लिए बेहतर रूप से तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर कर्नल अरुण चंदेल, अमित रांगटा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



