
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से समस्त अधीनस्थ अपर पुलिस अधीक्षक एवं समस्त क्षेत्राधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि होली के अवसर पर संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जाए। शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए तथा त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए।
बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने एवं जनता में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए गए।


