फिरोजपुर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पाँचवें दिवस पर गोवर्धन पूजा एवं भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन

(पंजाब) फिरोजपुर 15 मार्च [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता] =
फिरोजपुर शहर की एकता नगर कॉलोनी हॉल में आयोजित पावन श्रीमद् भागवत कथा के पाँचवें दिवस पर कथा व्यास आचार्य पंडित परशुराम शुक्ल जी महाराज, श्री धाम वृंदावन ने भगवान श्रीकृष्ण की पावन गोवर्धन लीला का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा व्यास जी ने बताया कि जब ब्रजवासियों ने इंद्र देव की पूजा की तैयारी की, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें प्रकृति और गोवर्धन पर्वत की महिमा समझाते हुए गोवर्धन पूजा करने का संदेश दिया। इससे क्रोधित होकर इंद्र देव ने ब्रज में घनघोर वर्षा कर दी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों और गौमाता की रक्षा की। सात दिनों तक ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत के नीचे सुरक्षित रहे और अंततः इंद्र देव का अहंकार भंग हुआ।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और “गिरिराज महाराज की जय” तथा “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान की महिमा का गुणगान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा का श्रवण किया और प्रभु भक्ति में लीन रहे।
आयोजकों में मुख्य रूप से श्री अमित शर्मा (निवासी गुरु नगर), डॉ. युवराज नारंग, श्री राजेश सचदेवा व समस्त नगरवासी उपस्थित रहे।




