
सांवला फार्म हाउस में कुरुक्षेत्र व कैथल की टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला।
सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को खेलों से जुड़ने का करेंगे आह्वान।
8 अप्रैल को भारी बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया था पोलो मैच।
थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 18 अप्रैल : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में, रविवार को सांवला स्थित जिन्दल फार्म हाऊस में कुरुक्षेत्र और कैथल की टीमों के बीच एक रोमांचक पोलो मैच आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से “फिट हरियाणा” अभियान को बढ़ावा देते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। टीम कुरुक्षेत्र के खिलाड़ियों में नवीन जिन्दल, महेश शर्मा, कृष्णा इंकिया जबकि टीम कैथल के खिलाडिय़ों में प्रनव कपूर, आरिफ खान और अक्षय मलिक शामिल होने जा रहे हैं। इस मैच में आलोक अंपायर की भूमिका में नजर आएंगे।
सांसद नवीन जिन्दल हमेशा से युवाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने के पक्षधर रहे हैं। उनका मानना है कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह पोलो मैच, रविवार को शाम 4:30 बजे से आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा और खेल प्रेमी भाग लेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि सांसद नवीन जिन्दल स्वयं एक प्रसिद्ध पोलो खिलाड़ी हैं और देश में इस खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इस मैच के माध्यम से वे उपस्थित लोगों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा शुरू किए गए “फिट हरियाणा” अभियान को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
उल्लेखनीय है कि यह मैच 8 अप्रैल को होना तय हुआ था लेकिन भारी बारिश होने से पोलो ग्राउंड ज्यादा गीला हो गया था जिसके कारण मैच स्थगित कर दिया गया था। सांसद नवीन जिन्दल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” अभियान के तहत सांसद खेल महोत्सव 2025 के दौरान इसी मैदान पर पोलो का सफल डेमोंस्ट्रेशन मैच आयोजित करवाया जा चुका है। कुरुक्षेत्र में पोलो मैच का यह दूसरा आयोजन है जो न केवल खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि युवाओं को एक स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगा।


