
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जनगणना 2027 के अन्तर्गत प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ की प्रकिया में दिनांक 22 मई से 20 जून 2026 तक सभी क्षेत्रों में प्रगणक घर-घर जाकर भारत सरकार द्वारा अधिसूचित प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करेंगे।
जनगणना के अंतर्गत केवल नागरिकों की संख्या का ही आंकलन मात्र नहीं किया जाता है अपितु यह आयु, लिंग, साक्षरता, आर्थिक गतिविधि इत्यादि महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों के संग्रह की राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य में राष्ट्र की नीतियों एवं योजनाओं का निर्धारण किया जाता है। भारत सरकार द्वारा इस बार डिजिटल माध्यम से जनगणना कराए जाने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में दिनांक 07.05.2026 से 21.05.2026 तक स्वप्रेरणा से स्व-गणना (Self Enumeration) का प्रावधान किया गया है।
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त निर्देशानुसार दिनांक 07.05.2026 से जनपद बरेली समेत सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में स्व-गणना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। दिनांक 07 मई 2026 को जनपद के समस्त सम्मानित जन प्रति निधियों के माध्यम से स्व-गणना कार्य का शुभारंभ किया जा चुका है। स्व-गणना में अधिक से अधिक संख्या में सामान्य जनमानस के प्रतिभाग करने से जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान uसूचीकरण एवं मकानो की गणना का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयावधि में संपादित किया जाना है।
इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद बरेली के जागरूक एवं सम्मानित नागरिको से अपील की है कि वह स्व-गणना के उत्सव में प्रतिभाग करते हुये अपना अमूल्य योगदान प्रदान करें।


