प्रधानमंत्री मोदी के ‘ईंधन बचाओ’ संदेश को धरातल पर उतार रहे राज्यपाल आचार्य देवव्रत

कुरुक्षेत्र आगमन पर सुरक्षा काफिला छोड़ ई-रिक्शा से तय किया सफर, सादगी से दिया पर्यावरण स्वच्छता का संदेश।
सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कुलपतियों से की पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने और तेल की खपत घटाने की अपील।

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 जून : वैश्विक स्तर पर गहराते पर्यावरण संकट और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों के बीच, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘ईंधन बचाने और प्रकृति संरक्षण’ के आह्वान को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने आचरण में ढालकर एक नई मिसाल पेश की है। आज कुरुक्षेत्र आगमन पर राज्यपाल महोदय ने न केवल हवाई यात्राओं का त्याग कर आम नागरिक की तरह ट्रेन से सफर किया, बल्कि रेलवे स्टेशन से गुरुकुल तक की यात्रा भी ई-रिक्शा के जरिए पूरी कर देश को ऊर्जा संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर हवाई यात्राएं और सुरक्षा काफिला बंद
कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से विशेष बातचीत करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि आज बढ़ती गर्मी और पर्यावरण में आ रहे बदलावों से पूरी दुनिया और वैज्ञानिक चिंतित हैं। इस संकट से धरती को बचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने और पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है।
“प्रधानमंत्री के इसी विजन का पालन करते हुए मैंने हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज से यात्रा करना पूरी तरह बंद कर दिया है। मेरा सुरक्षा काफिला भी अब बेहद सीमित है। मैं स्वयं अब लंबी दूरियों के लिए सामान्य बस और ट्रेन का उपयोग कर रहा हूँ”: आचार्य देवव्रत, राज्यपाल, गुजरात।
अधिकारियों से अपील: तेल की खपत कम करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाएं।
राज्यपाल ने पर्यावरण को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और प्रशासनिक विभाग के उच्च अधिकारियों से विशेष आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दैनिक जीवन और सरकारी कार्यों में कम से कम तेल का उपयोग करें और जितना संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर देश के ईंधन को बचाने में अपना योगदान दें। इसके साथ ही उन्होंने धरती की सेहत सुधारने के लिए रासायनिक खेती को छोड़कर प्राकृतिक खेती अपनाने की बात कही।
ई-रिक्शा से सफर कर दिया बड़ा संदेश
आज पश्चिम एक्सप्रेस से बिल्कुल आम नागरिक की भांति कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे राज्यपाल जी का स्वागत ई-रिक्शा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने किया। सादगी की अनूठी मिसाल पेश करते हुए राज्यपाल जी बिना किसी भारी- भरकम गाड़ियों के काफिले के,सीधे ई-रिक्शा में सवार होकर गुरुकुल कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए। उनके इस कदम ने आम जनता को डीजल-पेट्रोल की निर्भरता कम करने और ई-वाहनों (Electric Vehicles) को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल की मुहिम को मिला ई-रिक्शा यूनियन का पूर्ण समर्थन
ई-रिक्शा यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रामनिवास ने राज्यपाल जी की सादगी की सराहना करते हुए कहा कि एक बड़े राज्य के संवैधानिक पद पर होने के बावजूद उनका यह व्यवहार सीधे जनता के दिलों को छूता है। यूनियन के जिलाध्यक्ष कुलदीप सहित सदस्य रवि कुमार, मनोज, महेश, आदित्य, ओमप्रकाश, जसबीर व अन्य साथियों ने संकल्प लिया कि ई-रिक्शा यूनियन का हर सदस्य प्रधानमंत्री के ईंधन बचाने के संदेश और राज्यपाल की पर्यावरण व स्वच्छता मुहिम को घर-घर तक पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक करेगा।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन पर टिकी है सशक्त राष्ट्र की नींव: नवीन जिन्दल

Sun Jun 7 , 2026
सांसद नवीन जिन्दल ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जनता से सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता बनाने की अपील की। कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 जून : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सुरक्षित एवं […]

You May Like

Breaking News

advertisement