
समय पर वैक्सीनेशन से बचाव संभव: डॉ. विपिन यादव
आजमगढ़, संवाददाता। शहर के मुकेरीगंज स्थित नेक्सिस कोचिंग में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में लगे इस शिविर का नेतृत्व ट्रस्ट की ब्रांड एंबेसडर डॉ. विपिन यादव और अध्यक्ष पूजा सिंह ने किया।
शिविर में कोचिंग के करीब 35 छात्र-छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और HPV वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वैक्सीनेशन से रोकथाम संभव
डॉ. विपिन यादव ने बच्चों को बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है, लेकिन समय पर जागरूकता और वैक्सीनेशन से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि 9 से 26 वर्ष की आयु में वैक्सीन लगवाना सबसे प्रभावी बचाव है। उन्होंने बच्चियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें और परिवार से इस विषय पर बात करें।
ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सिंह ने कहा कि दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट का उद्देश्य सिर्फ सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में ऐसे शिविर लगाकर हम बच्चियों को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं।
पढ़ाई के साथ सेहत पर फोकस
नेक्सिस कोचिंग के प्रबंधकों ने इस पहल के लिए पूरा सहयोग किया। शिविर में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सवाल पूछे। आयोजकों के अनुसार करीब 10 से 15 छात्राओं ने शिविर के बाद वैक्सीनेशन कराने की सहमति जताई और आगे आएं।
नेक्सिस कोचिंग जिले की प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में से एक है, जहां हर साल 90 से 95% तक रिजल्ट रहता है। संस्थान के प्रबंधकों ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और करियर गाइडेंस पर भी हमारा फोकस रहता है।

