
सांसद नवीन जिन्दल ने एलिम्को के सहयोग से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उठाया कदम।
शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों को जल्द ही एक कार्यक्रम में दिए जाएंगे सहायक उपकरण।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 16 जून : सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से नवीन जिन्दल फाउंडेशन और एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरणों के पंजीकरण एवं मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 17 जून 2026 (बुधवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिन्दल हाउस, मोहन नगर, कुरुक्षेत्र में लगाया जाएगा।
जिन्दल हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उपरोक्त जानकारी देते हुए संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) ने बताया कि इस शिविर में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण करवा सकेंगे। विशेषज्ञों की टीम लाभार्थियों का मूल्यांकन करेगी और पात्र लोगों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें सभी प्रकार के आवश्यक सहायक उपकरण एक कार्यक्रम में दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के दौरान व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), कृत्रिम अंग, बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, बुजुर्गों के लिए कमर पर बांधने वाली बैल्ट और छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल हमेशा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करते रहे हैं। उनकी सोच है कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक सम्मान और सुविधा के साथ अपना जीवन जी सकें। इसी उद्देश्य से नवीन जिन्दल फाउंडेशन लगातार जनसेवा और समाज कल्याण के कार्य कर रहा है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, फैमिली आईडी और दिव्यांग प्रमाण पत्र लेकर आएं।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन से आवेश कुमार ने कहा कि सभी पात्र दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक निर्धारित दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की प्रेरणा से नवीन जिन्दल फाउंडेशन और एलिम्को मिलकर जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सहायक उपकरण पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे उनका जीवन अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर थानेसर हल्का प्रभारी बलविंद्र सिंह, नवीन जिन्दल फाउंडेशन के मेडिकल अधिकारी राजेंद्र राजपूत और डॉ. राज कुमार उपस्थित रहे।

