
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 25 जून : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आईआईएचएस संस्थान द्वारा गुरुवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर ठंडे मीठे पानी की छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जल सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, जो मानवता और सामाजिक सरोकारों की भावना को मजबूत करता है।
प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपराओं में से एक है। उन्होंने आईआईएचएस परिवार द्वारा किए जा रहे इस जनसेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी नागरिकों से ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन आईआईएचएस की प्राचार्या प्रो. रीटा के नेतृत्व में सचिव मंगेश शर्मा की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर विशेष सहयोगी राजकुमार, सहित संस्थान के पदाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। छबील में बड़ी संख्या में राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने ठंडे मीठे पानी का प्रसाद ग्रहण किया।


