
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव के आवास पर आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राम मंदिर में कथित दान सामग्री गायब होने के मामले, प्रदेश में भ्रष्टाचार, पंचायत चुनाव और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को भगवान श्रीराम कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में दान सामग्री के कथित गायब होने के मामले में सरकार ने एसआईटी गठित की, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि जांच रिपोर्ट किसे सौंपी गई और उसमें क्या निष्कर्ष निकले।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लोगों तक सीमित रही, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों तक जांच नहीं पहुंची। मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर जैसी महत्वपूर्ण जगह पर कथित अनियमितताओं की जानकारी शासन को नहीं मिल सकी, तो प्रदेश के अन्य विभागों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और आम जनता को थानों व तहसीलों में न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात और अन्य मूल्यवान वस्तुओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कथित तौर पर दान सामग्री गायब होने का मामला केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था से जुड़ा विषय है, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
चुनावी मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार “वन नेशन, वन इलेक्शन” की बात करती है, लेकिन समय पर पंचायत चुनाव कराने में भी सफल नहीं हो पा रही है। उन्होंने स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में देरी पर सरकार से जवाब मांगा।
लोकतंत्र के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया तो भविष्य में मतदान अधिकारों पर भी असर पड़ सकता है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया कि जनता भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजमगढ़ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जाएगी, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, विश्वस्तरीय सड़कें और हाईवे बनाए जाएंगे तथा रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
एनकाउंटर के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भी पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं है, तो यह सरकार के प्रति जनता के भरोसे पर सवाल खड़ा करता है।
वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में समर्थक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।

