
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 जुलाई : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार प्रो. (डॉ.) बिंदु शर्मा ने इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी (आईएमसी एंड एमटी) के निदेशक का कार्यभार मंगलवार को ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रो. बिंदु शर्मा ने कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान को शिक्षा, शोध, नवाचार और मीडिया प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
प्रो. बिंदु ने कहा कि संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण में कार्य करते हुए आईएमसी एंड एमटी को उत्कृष्टता का केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने संस्थान की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि केयूके न्यूज, केयूके पॉडकास्ट, मीडिया चौपाल और केयू न्यूज़लेटर जैसी गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं नियमित बनाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक, तकनीकी और मीडिया उद्योग से जुड़ा अनुभव प्राप्त हो सके।
प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि संस्थान द्वारा संचालित प्रमुख पाठ्यक्रमों जनसंचार एवं पत्रकारिता, मल्टीमीडिया, प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग तथा ग्राफिक्स एंड एनीमेशन में उद्योग और अकादमिक जगत के बीच संवाद को और मजबूत किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को मीडिया एवं संचार क्षेत्र की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर विधि विभाग के प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह, आईएमसी एंड एमटी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मधुदीप, असिस्टेंट प्रोफेसर रोमा, आबिद अली, डॉ. कंवरदीप, डॉ. अभिनव, डॉ. रोशन मस्ताना, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप कुमार, गौरव कुमार, रितु, सुनीता, सचिन कुमार, राकेश कुमार, अमित जांगड़ा, अर्पणा, राहुल अरोड़ा, मोनिका दुआ तथा सुपरिंटेंडेंट गुलशन दुआ, असिस्टेंट अनिल कुमार सहित संस्थान के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने नए निदेशक को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।


