
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : गत दिवस रात्रि में सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पीलीभीत रोड की ओर से आने वाले दो बाइक सवार व्यक्तियो को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार व्यक्तियो द्वारा बिना रुके बाइक ओर तेजी से आगे बढ़ा दी, जिनका पुलिस द्वारा पीछा करने पर बाइक घास पर फिसल कर खेत की ओर गिर गई। पुलिस द्वारा पकड़ने का प्रयास किये जाने पर पीछे बैठे व्यक्ति ने खेतों की ओर दौड़ते हुए पीछा करने वाली पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया तथा दूसरा बाइक चालक संदिग्ध व्यक्ति भी जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले अभियुक्त पर पुलिस पार्टी द्वारा अपनी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में फायर किया गया, जिससे उसके पैर में गोली लग गयी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल अभियुक्त ने अपना नाम/पता जीतू उर्फ जतिन पुत्र दिनेश निवासी 41 नंबर कमरा सदर बाजार थाना कैंट जनपद बरेली हाल निवासी काशीराम कॉलोनी रामगंगानगर थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली उम्र 22वर्ष बताया। अभियुक्त जीतू के कब्जे से एक तमंचा देसी .315 बोर, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दूसरे अभियुक्त को करीब 100 मीटर दूरी से पड़क लिया गया, जिसने अपना नाम/पता शिवा पुत्र सूरज निवासी वादिया लाईन चनेहटा थाना कैंट जनपद बरेली उम्र 20 वर्ष बताया। अभियुक्त शिवा की तलाशी में आलोक नगर में हुई लूट का मंगलसूत्र बरामद हुआ। बरामद स्प्लेंडर बाइक अभियुक्तों द्वारा लूट की घटना में भी प्रयुक्त की गयी थी। दोनों अभियुक्तों का पूर्व आपराधिक इतिहास है।मोहल्ला आलोक नगर में हुई लूट के संबंध में थाना इज्जतनगर, बरेली पर मु0अ0सं0 618/2026 धारा 309 (4) भारतीय न्याय संहिता पंजीकृत है। उक्त लूट की घटना में अभियुक्त जीतू उर्फ जतिन (घायल) , शिवा के साथ एक *अन्य अभियुक्त लकी उर्फ पवन पुत्र दयाराम निवासी रामगंगा कॉलोनी थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली की संलिप्तता भी पायी गयी है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु जिला अस्पताल बरेली भेजा गया है। पुलिस मुठभेड़ के सम्बन्ध में पृथक से अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।


