
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 9416191877
पलवल, 5 सितंबर : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ को शिक्षा, कविता एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शनिवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में इंस्टीट्यूट फॉर सोशल रिफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। संस्था ने प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ का चयन प्रतिष्ठित शिक्षाविद, कवयित्री एवं लेखिका के रूप में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए किया।
समारोह में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, रेलवे बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं गृह मंत्रालय के सदस्य श्री रमेश चंद्र रत्न मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, नेपाल सरकार के पूर्व विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं वातावरण मंत्री श्री विश्वेंद्र पासवान तथा डॉ. बी.आर. आंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, सोनीपत के कुलगुरु डॉ. देवेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ के अकादमिक समर्पण, उत्कृष्ट लेखन एवं साहित्यिक योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर देश-विदेश से आए अनेक जाने-माने शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


