
(पंजाब) फिरोजपुर 22 जुलाई [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
मासिक दुर्गा अष्टमी के पावन उपलक्ष्य में प्राचीन श्री राधा कृष्ण मंदिर में अमृतवेला प्रभात सोसाइटी के सदस्यों द्वारा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान माँ भगवती की मनमोहक भेंटों का गुणगान, सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं संकीर्तन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर अमृतवेला सदस्य प्रिन्स चावला ने माँ भगवती की मधुर एवं भावपूर्ण भेंटों का गुणगान कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इसी पावन अवसर पर उन्होंने अपना जन्मदिन भी अत्यंत सादगी, सेवा एवं भक्ति भाव के साथ मनाते हुए माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सनी सितारा एवं सोनू बंसी विशेष रूप से उपस्थित होकर प्रिन्स चावला को जन्मदिन की शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के समापन पर माँ भगवती एवं श्री हनुमान जी की विधिवत आरती की गई तथा सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने माँ भगवती से विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति, समाज की खुशहाली एवं समस्त मानवता के कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अमृतवेला प्रभात सोसाइटी के प्रधान महेंद्र पाल बजाज एवं पदाधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य घर-घर सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना, प्रभात फेरी, भजन-कीर्तन, श्री हनुमान चालीसा पाठ, सत्संग एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सेवा भाव से जोड़ना है। सोसाइटी निरंतर समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव, नैतिक संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए समय-समय पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।


