
थानेसर ब्लाक के 100 विद्यालयों में 25 जुलाई को होगी प्रारंभिक परीक्षा।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की पहल से 3,000 विद्यार्थी होंगे शामिल।
ब्लॉक थानेसर के नोडल शिक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक : भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान के प्रतीक ‘कारगिल विजय दिवस’ के उपलक्ष्य में, सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया और शिक्षा विभाग कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘माइ भारत क्विज’ की प्रारंभिक परीक्षा के शुभारंभ हुआ, साथ ही नोडल शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का पंचायत भवन सभागार में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 100 विद्यालयों से आए नोडल शिक्षकों को क्विज के सफल संचालन के लिए विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा क्विज का अधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी, मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त), सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को क्विज के उद्देश्य, संचालन प्रक्रिया, दिशा-निर्देश, मूल्यांकन प्रणाली एवं आयोजन संबंधी सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही क्विज के सिलेबस और अध्ययन सामग्री से भी अवगत कराया गया, ताकि विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, जागरूकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करें, जिससे नई पीढ़ी देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से प्रेरित हो सके।
सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्य ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें भारत के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ‘माइ भारत क्विज’ विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। यह अभियान पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में संचालित किया जाएगा।
उप जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल बग्गा ने सभी शिक्षकों से विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
समग्र शिक्षा अभियान के समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक कृष्ण कुमार ने कहा कि यह क्विज विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को समृद्ध करने के साथ- साथ उन्हें भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा से भी परिचित कराएगा।
सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों तथा तिरंगे के सम्मान और उसके विकास की यात्रा से जोड़ना है।
उल्लेखनीय है कि 25 जुलाई को कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर ब्लाक के 100 विद्यालयों में ‘माइ भारत क्विज’ की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 3,000 विद्यार्थी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग कुरुक्षेत्र से विजेन्द्र शर्मा एवं अमित कुमार, शिक्षा विभाग कैथल से कुशल कुमार और प्रवीण थरेजा, मंच संचालक विनोद आर्य, थानेसर हल्का प्रभारी बलविंद्र सिंह, भूषण मंगला, अनुराग तिवारी, लोक कष्ट निवारण समिति के सदस्य विनोद गर्ग तथा डॉ. राज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


