
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
हिसार संवाददाता – वैभव गुप्ता दूरभाष – 9416191877
हिसार,26 जुलाई : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार ने पशु चिकित्सा सेवाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स में डायलिसिस सुविधा की शुरुआत कर दी है। यह अत्याधुनिक सुविधा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई है। इस पहल से अब किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से ग्रसित पालतू पशुओं के उपचार में नई उम्मीद जगी है।
विश्वविद्यालय के वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स में विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञान सिंह के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा फिलहाल कुत्तों के लिए डायलिसिस सेवा शुरू की गई है। वर्तमान में केवल उन्हीं मरीज पशुओं का डायलिसिस किया जाएगा जो चिकित्सकीय परीक्षण के बाद इस उपचार के लिए उपयुक्त पाए जाएंगे।
डायलिसिस एक अत्याधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से किडनी के सही ढंग से कार्य न करने पर शरीर से विषैले तत्वों एवं अतिरिक्त द्रव को मशीन की सहायता से बाहर निकाला जाता है। इससे गंभीर किडनी रोगों से पीड़ित पशुओं के जीवन को बचाने और उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह सुविधा अभी प्रारंभिक चरण में पालतु कुत्तों के लिए उपलब्ध कराई गई है। भविष्य में आवश्यक संसाधनों एवं तकनीकी विस्तार के साथ इसे अन्य पशुओं के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पशुपालकों को इस उन्नत चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
पशु चिकित्सालय में इस सुविधा को शुरू करने में डायलिसिस यूनिट के इंचार्ज डॉ. तरुण कुमार व डॉ नीलेश सिंधु ने अग्रणिय भूमिका निभाई। इसमें वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के अन्य चिकित्सकों, पीजी छात्र (डॉ. अरुणा, डॉ. रेमन मोर , डॉ. निखिल मुदगिल, डॉ. प्रज्वल सिंह कोतवाल, डॉ. सुखबीर, डॉ. रत्नेश्वर व अन्य इंटर्न) तकनीकी एवं सहायक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरी टीम ने समन्वित प्रयासों से इस आधुनिक सेवा को पशुपालकों के लिए उपलब्ध कराया है। गौरतलब है की लुवास की टीम ने गड़वासु लुधियाना में हाल में नेफ्रोलॉजी सेक्शन के इंचार्ज डॉ. रणधीर सिंह जी के मार्गदर्शन में डायलिसिस की प्रायोगिक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया।
लुवास पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश खुराना ने क्लिनिकल स्टाफ को बधाई दी और कहा कि यह पहल न केवल हरियाणा बल्कि आसपास के राज्यों के पशुपालकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। लुवास लगातार आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाओं एवं अनुसंधान के माध्यम से पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई उपलब्धियां स्थापित कर रहा है।


