
खड़गे के समर्थन में आजमगढ़ में सड़क पर उतरी कांग्रेस, भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ निकाला जोरदार मार्च
आजमगढ़।
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के स्थल के कथित “शुद्धिकरण” की घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ ने उग्र प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला स्तरीय मार्च निकालकर सत्याग्रह किया और सामाजिक भेदभाव, छुआछूत व असमानता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
कांग्रेस कार्यालय से गांधी प्रतिमा तक निकला मार्च
यह विरोध मार्च जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहा और रैदोपुर होते हुए गांधी प्रतिमा तक पहुंचा। वहां पहुंचकर कांग्रेसजनों ने सत्याग्रह किया और संविधान में निहित समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय तथा मानवीय गरिमा की रक्षा का संकल्प लिया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने “दलितों का अपमान नहीं सहेंगे”, “भेदभाव और छुआछूत बंद करो” और “सामाजिक न्याय जिंदाबाद” के जोरदार नारे लगाए।
खड़गे जी का अपमान संवैधानिक मूल्यों का अपमान: मुन्ना राय
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुन्ना राय ने कहा, “खड़गे जी का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि यह उन संवैधानिक मूल्यों पर हमला है जो हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करते हैं। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान ने देश के हर नागरिक को समानता और गरिमा का अधिकार दिया है। कांग्रेस पार्टी भेदभाव और असमानता की इस मानसिकता के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मार्च एवं सत्याग्रह में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, मुन्नू यादव, विपिन कुमार पाठक, चंद्रपाल सिंह यादव, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, बेलाल बेग, तेज बहादुर यादव, मो. आमिर, अजीत राय, संतोष सिंह, दिनेश यादव, प्रमोद यादव, जगदंबिका चतुर्वेदी, गोपाल कृष्ण राय, शाने आलम, नजम शमीम, मो. अजमल, ओम प्रकाश सरोज, अकमल, मोतिउर्रहमान और मो. फ़ुज़ैल समेत भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

