फसलचक्र परिवर्तन बना संजीवनी : बढ़ी आय, बचा पानी मक्का की लहर से खुश किसान रामप्रकाश

धमतरी, 19 मार्च 2026/ कभी धान-प्रधान खेती के लिए पहचाने जाने वाले धमतरी जिले में आज कृषि का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। यहां के किसान अब परंपरागत खेती के साथ-साथ कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों को अपनाकर एक नई दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। यह बदलाव केवल खेती का नहीं, बल्कि सोच और संसाधनों के बेहतर उपयोग का भी प्रतीक बन गया है। इस परिवर्तन के पीछे जिला प्रशासन की दूरदर्शी रणनीति और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा का सतत मार्गदर्शन अहम भूमिका निभा रहा है। उनके नेतृत्व में फसलचक्र परिवर्तन को एक अभियान के रूप में संचालित किया गया, जिसमें किसानों को जागरूक करने, प्रशिक्षण देने और निरंतर निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन और कृषि विभाग की टीम ने गांव-गांव पहुंचकर किसानों से संवाद स्थापित किया, जिससे उनमें नई फसलों के प्रति विश्वास बढ़ा।
ग्राम गट्टासिल्ली तालपारा के कृषक रामप्रकाश नेताम इस बदलाव की जीवंत मिसाल हैं। पहले वे केवल धान की खेती करते थे, लेकिन अब 3.5 एकड़ खेत में मक्का की फसल लेकर बेहतर उत्पादन की ओर बढ़ रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। फसल की देखरेख, कीट प्रबंधन और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी ने उनकी खेती को और सशक्त बनाया है।
रामप्रकाश ही नहीं, बल्कि जिले के सैकड़ों किसानों ने मक्का सहित अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाया है। खेतों में लहराती मक्का की फसल अब इस बदलाव की गवाही दे रही है। इससे किसानों को न केवल अच्छी आमदनी मिल रही है, बल्कि खेती में जोखिम भी कम हुआ है। फसलचक्र परिवर्तन का सकारात्मक प्रभाव पर्यावरण पर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कम पानी वाली फसलों के कारण सिंचाई पर दबाव घटा है, जिससे जल संसाधनों का संरक्षण हो रहा है और भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही, विविध फसलों की खेती से भूमि की उर्वरता भी बेहतर हो रही है।
यह पहल केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय को स्थिर और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली है और आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हुई है। कुल मिलाकर, धमतरी में फसलचक्र परिवर्तन एक सफल शासकीय मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है। प्रशासन की प्रतिबद्धता और किसानों की सक्रिय भागीदारी ने इसे संभव बनाया है। आने वाले समय में यह पहल न केवल धमतरी, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए कृषि नवाचार और सतत विकास का प्रेरक उदाहरण बनेगी।

V V News Vaashvara

जितेंद्र पटेल छत्तीसगढ़ में रहने वाले एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे VV News Vaashvara के प्रशानिक सम्पादक हैं, जहां वे निष्पक्ष और जनहित पत्रकारिता को बढ़ावा देते हैं। पुलिस परिवार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, वे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की समस्याओं को उजागर कर समाधान के लिए सरकार तक पहुंचाते हैं, साथ ही उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए कई कार्यक्रम चलाते हैं। सूचना का अधिकार के प्रदेश सचिव के रूप में, जितेंद्र पटेल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में काम करते हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी मिल सके। वे समाज में जागरूकता फैलाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और हर वर्ग की आवाज को मंच देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

वनाधिकार पत्र मिलने से बद्रिका कमल सिंह बने आत्मनिर्भर कृषक

Thu Mar 19 , 2026
ट्रैक्टर खरीदा, बोर खुदवाया और अब लेने लगे है दो फसल महासमुंद 19 मार्च 2026/ पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सुखीपाली के कृषक श्री बद्रिका कमल सिंह पटेल वर्षों से वन भूमि पर कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन भूमि पर वैधानिक अधिकार न होने के कारण उन्हें […]

You May Like

advertisement