
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी।
चरखी दादरी, 5 मई : हरियाणा के चरखी दादरी में हुए 3 मई को पूर्व गौरव सैनिक सोसायटी,चरखी दादरी के तत्वावधान में फेडरेशन ऑफ वेटरन्स मैनेजमेंट काउंसिल तथा हरियाणा राज्य के फेडरेशन से संबद्ध विभिन्न वेटरन्स एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों का शिखर सम्मेलन जी.आर. सेलिब्रेशन हॉल, चरखी दादरी में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सूबेदार सोनवीर शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा अत्यंत सुनियोजित एवं व्यवस्थित ढंग से किया गया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का पटका एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वेटरन भूप सिंह ने की। बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष वेटरन अर्जुन सिंह राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वेटरन राजदीप वर्मा, कोषाध्यक्ष वेटरन पवन कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता वेटरन लोकेंद्र सिंह, कानूनी सलाहकार वेटरन बी.पी. वैष्णव, वेटरन पी.पी. गौतम, वेटरन पवन कुमार सैनी (कुरुक्षेत्र), वेटरन के.पी. सिंह, वेटरन नरेश ढाका सहित अनेक पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से आठवें वेतन आयोग के संदर्भ में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के वेतन, भत्तों तथा विभिन्न विसंगतियों से संबंधित मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। फेडरेशन द्वारा इन विषयों पर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी प्रतिनिधियों को दी गई। साथ ही आठवें वेतन आयोग को मेमोरेंडम प्रस्तुत करने से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों से पूर्व सैनिकों के उत्थान एवं कल्याण हेतु सुझाव आमंत्रित किए गए। विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने चर्चा में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा फेडरेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि आठवें वेतन आयोग में मेमोरेंडम प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है। इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए फेडरेशन से जुड़े सभी पूर्व सैनिकों के मेमोरेंडम का शत- प्रतिशत अपलोड सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रमुख सुझाव वेटरन धनराज तहलान, जनरल सेक्रेटरी, नेवल वेटरन्स एसोसिएशन झज्जर, वेटरन जगदीश सिंह, पूर्व सैनिक संगठन कैथल, वेटरन लोकेन्द्र सिंह, वेटरन निरंजन सिंह, जिला पूर्व सैनिक समिति बागपत तथा वेटरन सोमबीर शर्मा, गौरव पूर्व सैनिक समिति चरखी दादरी द्वारा रखे गए।
अंत में सभी प्रतिनिधियों ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के हितों की रक्षा हेतु फेडरेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने का आश्वासन दिया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पूर्व गौरव सैनिक संस्था, चरखी दादरी द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था के अध्यक्ष सोमबीर शर्मा को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया।


