
विद्यालय परिवार में खुशी की लहर।
हिसार,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 13 मई : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आर्य नगर, हिसार की छात्राओं ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उत्कृष्ट उपलब्धि से विद्यालय परिवार,अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के परिणाम ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि सरकारी विद्यालयों की छात्राएं भी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उच्च उपलब्धियां प्राप्त कर सकती हैं।
विद्यालय की कुल 73 छात्राओं ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा दी, जिनमें से 41 छात्राओं ने बोर्ड मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा। विशेष बात यह रही कि 10 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रमाणित किया।
विज्ञान संकाय की प्रतिभाशाली छात्रा प्रिया ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कला संकाय की छात्रा पायल ने 96.2 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्राएं मुस्कान एवं किरण ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्रा आरती ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस सफलता ने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करने का कार्य किया है।
विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनिल यादव ने सभी छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा अध्यापकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्राओं की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर मेहनत करते हुए जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अनिल यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना भी है ताकि वे समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
विद्यालय में छात्राओं की इस शानदार सफलता पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

