सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, पहले दिन रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां

सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, पहले दिन रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां
सगड़ी (आज़मगढ़): 14 फरवरी 2026 – पूर्वांचल एवं ग्रामीण भारत में युवाओं के कौशल विकास, खेल प्रतिभा संवर्धन और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यरत सामाजिक संस्था IDEA and Startup Purv के तत्वावधान में आयोजित सरदार पटेल इंटर-स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट–2026 का भव्य शुभारंभ शनिवार को केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मऊकुतुबपुर, सगड़ी में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर IDEA and Startup Purv के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. ओंकार राय ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक पेशेवर मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि संस्था खेल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मो. उजाले (एडिटोरियल डायरेक्टर, टेक ऑब्ज़र्वर मैगज़ीन) ने कहा कि खेल समाज में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्री रविकांत यादव (सचिव, वॉलीबॉल एसोसिएशन आज़मगढ़) ने कहा कि इस तरह के अंतर-राज्यीय टूर्नामेंट खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करते हैं तथा स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में दर्शकों को अत्यंत रोमांचक खेल देखने को मिला। उद्घाटन मुकाबला देवरिया हॉस्टल और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया। दूसरा मुकाबला मेज़बान जनपद आज़मगढ़ एवं नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (NER) के बीच हुआ, जिसमें उच्च स्तरीय तकनीकी खेल का प्रदर्शन देखने को मिला। तीसरा मुकाबला पटना और भारत लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) के बीच खेला गया, जिसमें दोनों पक्षों ने कड़े संघर्ष के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अवनीश राय मानस, ऋषभ सिंह, डॉ. प्रशांत राय, डॉ. बिजेंद्र राय, ऋषभ पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। आयोजन समिति के सदस्यों श्री रामाधार पासवान, श्री कैलाश यादव, श्री गया प्रसाद पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने अतिथियों का स्वागत कर आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित टीमें भाग ले रही हैं, जिससे टूर्नामेंट का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं राष्ट्रीय स्वरूप का बन गया है।
आयोजन के अंतर्गत दर्शक सहभागिता कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत दर्शक क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं तथा विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
टूर्नामेंट का दूसरा चरण 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।




