गुरुकुल कुरुक्षेत्र कर रहा है वेदों का प्रचार

रायसन में युवाओं को सिखाए जीवन निर्माण के ‘गुर’।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 12 सितम्बर : गुरुकुल कुरुक्षेत्र द्वारा विगत कई वर्षों से हरियाणा भर में युवाओं के जीवन निर्माण, भारतीय जीवन मूल्यों और वैदिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार का पुनीत कार्य महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत के ओजस्वी मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसी के तहत रायसन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सात दिवसीय योग एवं जीवन निर्माण शिविर लगाया गया जिसका शुक्रवार को भव्य समापन हुआ।
समारोह में विख्यात भजनोपदेशक महाशय जयपाल आर्य मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिनका विद्यालय परिसर में प्रिंसीपल वेद प्रकाश सहित अध्यापक डॉ. सुनील कुमार, पवन कुमार, विनोद कुमार, रोशन लाल, लोकनाथ, श्याम सिंह, दिनेश, देवेन्द्र तथा अध्यापिका नीरू, रूपा शिल्पी ने जोरदार स्वागत किया। विद्यालय में गुरुकुल के वेद प्रचारक विशाल आर्य और आर्यमित्र ने विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम, पी.टी., नेपाली पी.टी., डम्बल, लेजियम, स्तूप निर्माण आदि शारीरिक प्रशिक्षण दिया, वहीं उन्हें समाज में फैली कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी, ऊंच-नीच आदि बुराइयों को दूर करने के लिए भी प्रेरित किया।
महाशय जयपाल आर्य ने कहा कि संस्कारों के अभाव में आज का युवा अपने मूल कर्त्तव्यों से दूर होता जा रहा है, बच्चें माता-पिता, बुजुर्गों की सेवा करने में रूचि नहीं ले रहें, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वेद हमें माता-पिता और गुरुओं का हमेशा सम्मान करने की शिक्षा देते हैं। युवा पीढ़ी को पुरातन संस्कार और वैदिक ज्ञान से रूबरू कराना होगा तभी समाज में जो विसंगतियां हैं, वे दूर होगीं। उन्होंने समारोह में आए किसान बन्धुओं से आचार्य देवव्रत जी द्वारा चलाए ‘प्राकृतिक खेती अभियान’ से जुड़ने का भी आह्वान किया।