सीपीए कॉन्फ्रेंस में विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में दक्षिण अमेरिका पहुंचा हरियाणा का शिष्टमंडल

चंडीगढ़, वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक 5 अक्तूबर : राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की 68वीं कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए हरियाणा विधान सभा का शिष्टमंडल रविवार को दक्षिण अमेरिका पहुंच गया। शिष्टमंडल का नेतृत्व विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण कर रहे हैं। इस शिष्टमंडल में विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, विधायक योगेंद्र राणा, विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद और दो अधिकारी शामिल हैं। हरविन्द्र कल्याण सीपीए की हरियाणा शाखा के भी अध्यक्ष हैं।
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की 68वीं कॉन्फ्रेंस 6 से 12 अक्तूबर तक दक्षिण अमेरिका के बारबाडोस के ब्रिज टाउन शहर में होगी। हरविन्द्र कल्याण किसी एक दिन सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित भी करेंगे। इस बारे में लोक सभा में अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में एक्सपर्ट्स की एक बैठक भी हो चुकी है।
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की 68वीं कॉन्फ्रेंस कॉमनवेल्थ देशों के बीच संसदीय साझेदारी को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। शिष्टमंडल वैश्विक संसदीय प्रक्रियाओं में हो रहे नवीनतम नवाचारों को समझने और उन्हें विभिन्न विधान मंडलों में लागू करने के अवसरों पर ध्यान केंद्रित करेगा।