

अंतरराष्ट्रीय शिष्टमंडल हरियाणा विधानसभा और कसौली का भ्रमण करने उपरांत कुरुक्षेत्र रवाना।
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
चंडीगढ़, 20 अप्रैल :
36वें अंतरराष्ट्रीय विधायी प्रारूपण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भारत आया 13 देशों का 27 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा का विस्तृत भ्रमण कर विधायी कार्यप्रणाली को समझने और कसौली का भ्रमण करने उपरांत रविवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र रवाना हो गया। कुरुक्षेत्र में इस शिष्टमंडल ने अनेक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण किया। शिष्टमंडल के इस दौरे की शुरुआत चंडीगढ़ में 16 अप्रैल को विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिष्टाचार भेंट हुई थी। इसके बाद शिष्टमंडल ने विधान सभा की अनेक शाखाओं का अवलोकन कर विधायी कार्यप्रणाली को समझा है।
शिष्टमंडल ने रविवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित ‘धरोहर संग्रहालय’ और इसके बाद श्रीकृष्णा म्यूज़ियम का अवलोकन किया। विदेशी प्रशिक्षणार्थियों का कुरुक्षेत्र पहुंचने पर संग्रहालय में पगड़ी बांध कर स्वागत किया गया और उन्हें संबंधित अधिकारियों ने धरोहर के बारे में जानकारी दीं।
इसके बाद शेख चिल्ली का मकबरा देखा गया। प्रशिक्षणार्थियों ने शेख चिल्ली के मकबरे में खास दिलचस्पी दिखाई, जिसके बाद वे गीता ज्ञान संस्थान गए, जहां उन्हें जलपान करवाया गया तथा संस्थान का महत्व और श्री कृष्ण से जुड़े सन्दर्भों से परिचित कराया गया। संस्थान भ्रमण में विदेशी अधिकारियों की विशेष रूचि ली।
इसके बाद हर्षवर्धन किला और मां भद्रकाली मंदिर के दर्शन भी करवाए गए। शाम को सन्निहित सरोवर दर्शन, गीता ज्ञान संस्थानम का भ्रमण, कल्पना चावला मेमोरियल प्लैनेटेरियम देखने के बाद शिष्टमंडल ब्रह्म सरोवर पर आरती में शिरकत की। रात को ज्योतिसर में लाइट एंड साउंड शो भी दिखाया गया।


