
अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीबीगंज में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस किया गया आयोजन
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सी बी गंज में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विश्राम सिंह एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर प्रशांत रंजन द्वारा स्टाफ नर्स सरिता कुमारी एवं मनमोहन सिंह को सम्मानित करके किया गया ।
इस अवसर पर स्टाफ नर्स मन्मोहन सिंह, सरिता एवं अंशिका सक्सेना को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, समर्पण एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के लिए सुंदर प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सरिता की निरंतर सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं, ए एन सी फॉलोअप, एन सी डी स्क्रीनिंग एवं मरीजों के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की। वहीं मन्मोहन सिंह की मरीजों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार एवं स्वास्थ्य सेवाओं के कुशल संचालन हेतु प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम में अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीबीगंज प्रभारी डॉ. मधु गुप्ता द्वारा नर्स दिवस को विशेष एवं रचनात्मक रूप देने हेतु आकर्षक “Butterfly Appreciation Board” एवं “Thank You Message Chart” तैयार कराया गया, जिस पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मरीजों द्वारा स्टाफ नर्सों के लिए प्रेरणादायक संदेश लिखे गए। इस गतिविधि की शुरुआत जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन द्वारा संदेश लिखकर की गई।
डॉ. मधु गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की सफलता में नर्सिंग स्टाफ, ए एन एम एवं आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार एवं टीम भावना ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहचान है। उन्होंने जमीनी स्तर तक कार्य कर रही आशा कार्यकर्ताओं एवं समस्त स्वास्थ्य टीम के योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम में रंग-बिरंगे क्रिएटिव चार्ट, धन्यवाद संदेश, सेल्फी कॉर्नर एवं “2 Staff Nurses, Countless Smiles” थीम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
अंत में सभी ने नर्सिंग स्टाफ के समर्पण, सेवा भावना एवं मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए उन्हें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताया। इस अवसर पर अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सी. बी. गंज बरेली की तरफ से हिरदेश कुमार, मनमोहन सिंह, सरिता कुमारी एवं समस्त ए एन एम एवं आशाओं का विशेष सहयोग रहा ।


