लोकेशन रायबरेलीरिपोर्टर विपिन राजपूत

प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के हित में लिया गया यह निर्णय सराहनीय एवं स्वागत योग्य- अशोक कुमार
पारिश्रमिक में वृद्धि सरकार की संवेदनशीलता एवं कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाती- रंजना चौधरी
आउटसोर्स कार्मिकों को बेहतर आर्थिक संबल मिलने से उनके परिवारों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा- बुद्धिलाल
उ०प्र० आउटसोर्स सेवा निगम के ‘लोगो’ का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल का हुआ शुभारम्भ
रतापुर में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में आउटसोर्स कार्मिकों ने देखा मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
रायबरेली- 02 सितम्बर 2026,
मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज लोक भवन, लखनऊ से आउटसोर्स कार्मिकों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा के साथ उ०प्र० आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण तथा वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। मुख्यमंत्री जी के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का जनपद स्तरीय आयोजन सामुदायिक केन्द्र, रतापुर में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा तथा मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक सलोन अशोक कुमार, प्रशासक जिला पंचायत रंजना चौधरी, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरान्त उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लोक भवन, लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण किया गया, जिसमें श्रम विभाग के अन्तर्गत मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा कन्या विवाह सहायता योजना के विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं नगर पालिका के विभिन्न वार्डो के सफाई कर्मचारियों को सफाई किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक सलोन अशोक कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के हित में लिया गया यह निर्णय सराहनीय एवं स्वागत योग्य है। आउटसोर्स कार्मिक विभिन्न विभागों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। बढ़े हुए पारिश्रमिक से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर कर्मचारियों एवं श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कल्याणकारी निर्णय ले रही है। इस पहल से आउटसोर्स कार्मिकों से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशासक जिला पंचायत रंजना चौधरी ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिक शासन की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके पारिश्रमिक में वृद्धि सरकार की संवेदनशीलता एवं कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इससे आउटसोर्स कार्मिकों में उत्साह एवं कार्य के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता का संचार होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा आउटसोर्स कार्मिकों के पारिश्रमिक में वृद्धि की घोषणा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का महत्वपूर्ण उदाहरण है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हित एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों को बेहतर आर्थिक संबल मिलने से उनके परिवारों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित आउटसोर्स कार्मिकों ने प्रदेश सरकार द्वारा उनके पारिश्रमिक में वृद्धि किए जाने की घोषणा का स्वागत किया। कार्मिकों ने कहा कि बढ़ा हुआ पारिश्रमिक उनके लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ उनके कार्य के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का भी प्रतीक है।
मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक उपस्थित रहे।


