Uncategorized

नोडल अधिकारी जिला महिला चिकित्सालय एवं सौ शैय्या लालगंज चिकित्सालय का किया निरीक्षण

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ़-सफ़ाई, स्टाफ की उपस्थिति तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायज़ा लेने हेतु जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में बतौर नोडल अधिकारी जिला महिला चिकित्सालय एवं सौ शैय्या लालगंज चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला महिला चिकित्सालय में पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत पीड़ितों को मिलने वाले शासकीय लाभ की फीडिंग रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष एवं पाॅक्सो एक्ट के अंतर्गत पोर्टल पर लंबित पाई गई। इस पर सीएमओ द्वारा सीएमएस, महिला चिकित्सालय को निर्देशित किया गया कि पॉक्सो एक्ट से संबंधित शेष कुल 45 प्रकरणों की फीडिंग भी शीघ्रताशीघ अनिवार्य रूप से पोर्टल पर पूर्ण कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कत्तई ना होने पाए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवगांव में साफ़-सफ़ाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, किंतु प्रसव सेवाओं की संख्या कम होने पर इसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सौ शैय्या लालगंज चिकित्सालय में साफ़-सफ़ाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। आपातकालीन वार्डों को छोड़कर अन्य वार्डों में बिस्तर खाली पाए गए तथा उन पर निर्धारित रंग की चादरें एवं कंबल उपलब्ध नहीं थे। इस पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि सौ शैय्या लालगंज चिकित्सालय पर कई चिकित्सक काफी दिनों से अनुपस्थित हैं, जिसकी सूचना प्रभारी अधीक्षक द्वारा महानिदेशालय को पूर्व में भेजी जा चुकी है। इस पर सीएमओ ने अपनी ओर से भी निदेशालय को अवगत कराने की बात कही। साथ ही डेंटल सर्जन की मांग पर प्रभारी अधीक्षक को शीघ्र ही व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया गया।
स्वास्थ्य केंद्र, बरदा में साफ़-सफ़ाई की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। प्रभारी द्वारा अवगत कराया गया कि अस्पताल का फर्श उखड़ा होने के कारण सफ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर विभागीय जेई से फर्श मरम्मत का एस्टिमेट बनवाकर शीघ्र कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुछ कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। यहां भी प्रसव सेवाओं की संख्या अत्यंत कम पाई गई, जिसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ठेकमा में साफ़-सफ़ाई व्यवस्था सामान्य पाई गई तथा कर्मचारी उपस्थित मिले। कार्य संचालन संतोषजनक था, हालांकि यहां भी प्रसव सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी चिकित्सकीय संस्थानों में शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(डॉ. एन. आर. वर्मा)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी
आजमगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel