प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
शहर के लक्ष्मी नगर निवासी श्री नरेन्द्र शुक्ला व श्री संतोष बक्शी का बिजली बिल हुआ जीरो, इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ दिलाने हेतु अन्य उपभोक्ताओं को कर रहे हैं प्रेरित
बिजली विभाग द्वारा वृहद स्तर पर अभियान चला कर अब तक 690 हितग्राहियों के घरों में सौर संयंत्र की गई है स्थापना

राजनांदगांव, 09 दिसम्बर 2025 – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जनहित में कारगर साबित हो रही है। सौर ऊर्जा का उपयोग कर बिजली उत्पादन करने की यह योजना ऊर्जा सशक्तिकरण की दिशा में मील पत्थर साबित हो रही है। राजनांदगांव शहर के लक्ष्मी नगर वार्ड नंबर 45 के निवासी श्री नरेन्द्र कुमार शुक्ला एवं श्री संतोष बक्शी ने बताया कि उन्हें समाचार पत्र-पत्रिकाओं, सोशल मीडिया, न्यूज़ चैनल, मोर बिजली ऐप के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर वेबसाइट में पंजीकृत वेन्डर को चिन्हांकित कर संपर्क किया एवं अपने घर में थ्री फेज कनेक्शन वाला 3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया है। जिसकी लागत 2 लाख रुपए है। भारतीय स्टेट बैंक से मात्र 6 प्रतिशत की ब्याज दर से 02 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई। सोलर प्लांट लगने के एक सप्ताह के भीतर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए अनुदान राशि प्राप्त हुई है। एवं दस दिवस के बाद राज्य शासन द्वारा 30 हजार रुपए की सब्सिडी भी प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि पहले बिजली के बिल 1800 से 2600 रूपए तक बिजली बिल आता था। वही गर्मियों में बढ़कर 3500 रूपए से अधिक बिजली का बिल देना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब बिजली के बिल से मुक्ति मिल गई है और अतिरिक्त बिजली 560 यूनिट जमा है। प्रतिदिन लगभग 11 से 14 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लगभग 5 यूनिट बिजली का उपयोग होता है। श्री नरेन्द्र कुमार शुक्ला एवं श्री संतोष बक्शी ने बताया कि अब बिजली बिल से राहत मिली है और बिजली की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बहुत उपयोगी है। इसका लाभ सभी को लेना चाहिए। रूफटॉप सोलर प्लांट पर्यावरण मित्र होने के साथ ही ऊर्जा के संरक्षण की दिशा में उपयोगी है। उन्होंने बताया कि बैंक से ऋण लेने में कोई दिक्कत नहीं हुई 02 लाख रुपए बैंक से तत्काल ऋण मिल गया। बहुत ही सरल ईएमआई के माध्यम से आसान किस्तों में ऋण का भुगतान कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत अपने घर की छत पर ही ऊर्जा का उत्पादन करने की यह पहल बिजली के बिल से मुक्ति दिलाने तथा ऊर्जा संरक्षण की दिशा में लाभदायक साबित हो रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत स्थापित प्लांट नेट मीटरिंग द्वारा विद्युत ग्रिड से संयोजित होगा, जिससे उपभोक्ता द्वारा अपनी खपत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में सप्लाई हो जाती है। इससे न केवल उपभोक्ता के घर का बिजली बिल शून्य हो जाता है, बल्कि ग्रिड में दी गई बिजली के एवज में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है। शासन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 30 हजार रुपए से 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रति प्लांट दिए जाने का प्रावधान है। रूफटॉप सोलर संयंत्र की क्षमता अनुसार लागत राशि एवं सब्सिडी अलग-अलग है। उपभोक्ता द्वारा सोलर प्लांट के ब्रांड चयन कर सकते है। 3 किलोवाट से अधिक क्षमता का प्लांट लगाने पर केन्द्र सरकार द्वारा अधिकतम 78 हजार रुपए एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार रुपए तक सब्सिडी का प्रावधान है। प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को वेबसाईट चउेनतलंहींतण्हवअण्पद या पीएम सूर्यघर मोबाइल एप पर पंजीयन कर लॉग इन आईडी प्राप्त करना होगा। इसके बाद वेब पोर्टल पर उपलब्ध वेंडर का चुनाव कर बिजली कर्मचारी की मदद से वेब पोर्टल पर पूर्ण आवेदन करना होगा। निर्धारित अनुबंध हस्ताक्षरित होने के पश्चात वेंडर द्वारा छत पर प्लांट की स्थापना एवं डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित किया जाता है। स्थापित प्लांट के सत्यापन पश्चात शासन द्वारा सब्सिडी ऑनलाइन जारी कर दी जाती है। इस दौरान यदि उपभोक्ता इच्छुक हो तो शेष राशि का प्रकरण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक ऋण हेतु बैंकों को जनसमर्थन पोर्टल द्वारा ऑनलाईन प्रेषित किया जाता है।
राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर ने बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक वितरण केन्द्रवार वृहद स्तर पर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। अब तक राजनांदगांव जिले में 8553 लोगों ने सोलर प्लांट हेतु ऑनलाइन आवेदन किया है। जिसमें 2390 उपभोक्ताओं ने वेबसाइट से पंजीकृत वेंडरों का चयन भी कर लिया है। सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले 6135 उपभोक्ताओं को अप्रूवल मिल चुका है। अब तक राजनांदगांव जिले में 690 लोगों ने अपने मकानों में रूफटॉप सोलर पैनल लगवा चुके है। और 2390 उपभोक्ताओं के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाये जा रहे है। अभी तक 515 लोगों को शासन की ओर सब्सिडी मिल चुकी है।




