
लोकेशन रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
प्रा०वि० दौतरा ने राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग प्रतियोगिता में विजेता बनकर रचा एक नया इतिहास
भारत में 51वीं रैंक प्राप्त कर इस प्रतियोगिता का राष्ट्रीय विजेता बना
रायबरेली:- 17 जून 2026
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया है कि प्राथमिक विद्यालय दौतरा, विकास क्षेत्र महराजगंज, जनपद रायबरेली ने राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) प्रतियोगिता 2025-26 में विजेता बनकर एक नया इतिहास रच दिया है।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशन में शैक्षिक सत्र 2025-26 हेतु देश के कक्षा 01 से 12 तक के कुल 14.75 लाख समस्त सरकारी एवं प्राइवेट विद्यालयों में से यह प्रतियोगिता निर्धारित मानकों पर जनपद, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आकलन कर अंतिम रूप से पूरे देश के कुल 191 विद्यालयों को इस पुरस्कार हेतु विजेता घोषित किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालय दौतरा, विकास क्षेत्र महराजगंज, जनपद रायबरेली ने प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अब राष्ट्रीय स्तर पर भारत में 51वीं रैंक प्राप्त कर इस प्रतियोगिता का राष्ट्रीय विजेता बन चुका है।
उन्होंने बताया है कि विद्यालय की इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे शिक्षक आशीष प्रताप सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचारपूर्ण सोच एवं अथक परिश्रम रहा है। उन्होंने विद्यालय परिवार के शिक्षकों संजीव कुमार बाजपेई, विष्णु साहू, सुषमा पाण्डेय, शेष दत्त गुप्ता के साथ मिलकर टीम वर्क के साथ छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, ग्राम प्रधान, ग्राम समुदाय, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग तथा समाज के विभिन्न जन प्रतिनिधियों के सहयोग से पिछले 8 वर्षों के निरंतर प्रयासों द्वारा विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि केवल प्राथमिक विद्यालय दौतरा की ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण रायबरेली जनपद एवं उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के लिए गर्व का विषय है। यह सिद्ध करती है कि समर्पण, दूरदर्शिता और टीम वर्क से असाधारण परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया है कि भारत सरकार द्वारा इस प्रतियोगिता के प्रत्येक विजेता हेतु जुलाई माह में नई दिल्ली में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रत्येक विद्यालय को प्रशस्ति प्रमाण पत्र (Certificate of Merit) के साथ 01 लाख रूपये की अतिरिक्त अनुदान राशि भी प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्य/हेड मास्टर को शैक्षिक एक्सपोज़र विजिट पर भी भेजा जायेगा।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दौतरा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त विद्यालय परिवार, ग्राम समुदाय एवं जनपद रायबरेली को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा है कि “दौतरा से दिल्ली तक गूंजा नाम, राष्ट्रीय जीत ने रायबरेली व उत्तर प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है।


