
अयोध्या मंदिर दानपात्र चोरी मामले पर बोले शिवपाल यादव, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के दानपात्र में कथित चोरी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य करने वाले लोग अधर्मी हैं और जनता उन्हें पहचान चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का मन बना चुकी है।
सिधारी स्थित पूर्व मंत्री चन्ददेव राम यादव (करैली) के आवास पर आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी ताकत से लड़ेगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दानपात्र चोरी प्रकरण में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया गया, जबकि छोटे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। समाजवादी पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती है।
दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को अपने लंबे कार्यकाल का पूरा हिसाब-किताब जनता के सामने रखना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या में हुई घटना की निंदा करती है और इस मामले में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के दानपात्र में चोरी करने वाले लोगों को जनता सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है।
कोचिंग सेंटर हादसे पर भी जताई चिंता
कोचिंग सेंटर में हुई घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि जो भी घटना हुई, वह लापरवाही का परिणाम है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
आजमगढ़ सपा का गढ़ था, है और रहेगा
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का गढ़ रहा है और आगे भी बना रहेगा। वहीं, ओमप्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी में टूट के दिए गए बयान पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
शिवपाल यादव करीब एक घंटे तक सिधारी स्थित आवास पर रुके और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस अवसर पर सांसद धर्मेन्द्र यादव, दरोगा प्रसाद सरोज जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव
विधायक अखिलेश यादव, संग्राम यादव, पुजा सरोज, बेचई सरोज, लल्लन चौहान, डॉ. अमित सिंह, प्रेमा यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

