कुवि में 3 अप्रैल को होगा 18वां गोयल पुरस्कार समारोह

भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय के. सूद होंगे मुख्य अतिथि।
थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 31 मार्च : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ्ज्ञ सचदेवा के मार्गदर्शन में सीनेट हॉल में 3 अप्रैल 2026 को प्रातः 10.30 बजे 18वें गोयल पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित समारोह देशभर के उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को उनके शोध, नवाचार और विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस गरिमामयी समारोह में भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय के. सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा करेंगे।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि वर्ष 1992 से विश्वविद्यालय देश के उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को यह सम्मान प्रदान करता आ रहा है। समारोह में वर्ष 2023-24 के लिए गोयल पुरस्कार और राजीब गोयल पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गोयल पुरस्कार के अंतर्गत एप्लाइड साइंसेज में डॉ. अनिरुद्ध भालचंद्र पंडित, केमिकल साइंसेज में डॉ. थालप्पिल प्रदीप, लाइफ साइंसेज में डॉ. परमजीत खुराना तथा फिजिकल साइंसेज में डॉ. श्रीराम रामास्वामी को सम्मानित किया जाएगा। इन सभी वैज्ञानिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान दिया है और शोध के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को 2 लाख रुपये की नकद राशि, स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि 45 वर्ष से कम आयु के चार प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों को राजीब गोयल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। एप्लाइड साइंसेज में डॉ. गोपीनाथ पैकिरिसामी, केमिकल साइंसेज में डॉ. देबब्रत मैती, लाइफ साइंसेज में डॉ. दुर्गा पाल तथा फिजिकल साइंसेज में डॉ. स्मराजीत कर्माकर को सम्मानित किया जाएगा। ये सभी युवा वैज्ञानिक अपने अभिनव शोध कार्यों और आधुनिक विज्ञान में नई दिशा देने के लिए जाने जाते हैं। प्रत्येक पुरस्कार के तहत विजेताओं को एक पदक, प्रशस्ति-पत्र तथा एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।
आयोजन समिति की संयोजक प्रो. अनीता भटनागर ने बताया कि गोयल पुरस्कार देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मानों में से एक है, जो वैज्ञानिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित करता है।
समारोह के सह-संयोजक प्रो. एस.पी. सिंह और विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत, सम्मान और आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जा रही हैं। लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न वैज्ञानिकों के शोध कार्यों और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को नई जानकारी और प्रेरणा प्राप्त होगी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को इस भव्य समारोह में सादर आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और देश के महान वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन कर सकें।




