
कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान साइकिल पर अपने कार्यालय पहुंचे
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 16 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान सेक्टर-3 स्थित अपने आवास से साइकिल पर विश्वविद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से भी वर्तमान परिस्थितियों में यथासंभव बिना वाहन या कम ईंधन वाले साधनों का उपयोग करने की अपील की।
कुलपति प्रो. धीमान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाना एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। यदि हम सभी अपनी दैनिक दिनचर्या में साइकिल या पैदल चलने जैसी आदतों को अपनाएं तो इससे प्रदूषण कम होगा और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल ईंधन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देती है। विश्वविद्यालय परिवार को भी ऐसे प्रयासों में आगे आकर समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।
कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि वे भी बिना वाहन के अपने कार्यालय पहुंचेंगे और विश्वविद्यालय परिवार से इस जनहित पहल में सहयोग करने की अपील की।


