शामपुर के सपन मंडावी के घर पहुंचा पीएम सूर्यघर योजना का लाभ

महीने का बिजली बिल हुआ जीरो

????????????????????????????????????

कोण्डागांव, 22 सितम्बर 2025/ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ आज जिले के दूरस्थ अंचल तक भी पहुंच रही है। यह योजना अब जिले के ग्रामीण परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है। इसी कड़ी में माकड़ी विकासखंड के ग्राम शामपुर निवासी सपन राम मंडावी ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर को न सिर्फ रोशन किया, बल्कि बिजली खर्च से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं।  
सपन मंडावी ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी सबसे पहले अखबार के माध्यम से मिली। जानकारी प्राप्त करने के बाद उन्होंने स्थानीय बिजली विभाग से संपर्क किया और अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। इस पहल के बाद अब उनके घर की सभी बिजली की आवश्यकताएँ पूरी हो रही हैं और अतिरिक्त बिजली का उत्पादन भी हो रहा है।  
श्री मंडावी ने बताया कि पूर्व में हर महीने 400 से 500 रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब उनका पूरा बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, उनके द्वारा उत्पन्न अतिरिक्त ऊर्जा सीधे विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है, जिससे भविष्य में उन्हें अतिरिक्त आय का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस योजना को शासन की अत्यंत लाभकारी पहल बताते हुए कहा कि इससे घरेलू बिजली उपभोक्ता न केवल ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर हो सकते हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत बन सकते हैं।  
मंडावी को इस योजना के अंतर्गत कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसमें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सहायता शामिल है। इस मदद से सौर संयंत्र लगाने की कुल लागत में बहुत राहत मिली है।
इस योजना के तहत विभिन्न क्षमता वाले संयंत्रों के लिए सब्सिडी की राशि तय की गई है। 1 किलोवाट के संयंत्र, जिसकी लागत लगभग 65 हजार रुपये होती है, पर केंद्र सरकार 30 हजार और राज्य सरकार 15 हजार रुपये की सब्सिडी देती है। इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता वाले संयंत्र पर 60 हजार रुपये की सहायता एवं 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले संयंत्र पर केंद्र से 78 हजार और राज्य से 30 हजार रुपये की अनुदान राशि मिलती है। इसके साथ ही किसानों और ग्रामीणों के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे और अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।  
जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने कई हितग्राही आगे आ रहे हैं और पंजीयन करा रहे हैं। इच्छुक उपभोक्ता इस योजना का लाभ विद्युत विभाग की मदद से या फिर वेब पोर्टल  https://pmsuryaghar.gov.in 

 और मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर आसानी से उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गौधाम संचालन हेतु 6 अक्टूबर 2025 तक प्रस्ताव आमंत्रित

Mon Sep 22 , 2025
जगदलपुर, 22 सितम्बर 2025/ संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जगदलपुर द्वारा जिले में गौधाम संचालन के लिये इच्छुक संस्थाओं से 6 अक्टूबर 2025 तक रूचि की अभिव्यक्ति के तहत प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है। गौधाम स्थापना हेतु भूमि, गौधाम का उदेश्य क्रियान्वयन नियंत्रण, अनुश्रवण एवं अनुशीलन, गौधाम संचालन हेतु पात्र संस्थायें, […]

You May Like

advertisement