गुरुकुल के छात्रों ने किया आईएमए का शैक्षणिक भ्रमण

आईएमए की ऑफिसर्ज पॉसिंग आउट परेड सहित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट की ऐतिहासिक विरासत देख उत्साह से भरे देश के भावी ‘कर्णधार’
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 13 दिसम्बर : भ्रमण भारतीय संस्कृति में साक्षात् ज्ञान का ऐतिहासिक माध्यम रहा है। प्राचीन समय से लेकर आधुनिक युग तक किताबी ज्ञान के साथ-साथ किसी घटना अथवा स्थान के बारे में विस्तृत और सटीक ज्ञान के लिए उस स्थान पर जाना ही सबसे महत्त्वपूर्ण माना गया है। इससे हमें नई-नई जानकारी तो मिलती ही है साथ ही उस स्थान को साक्षात् देखने का अनुभव भी प्राप्त होता है, जो बहुत रोमांचकारी और अद्भुत होता है। इसी उद्देश्य से गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 11वीं के एनडीए विंग के छात्रों का ‘एजुकेशनल टूर’ आईएमए दूहरादून हेतु गया जो बहुत सफल साबित हुआ।
गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गुरुकुल के 45 छात्रों को इस विशेष भ्रमण हेतु भेजा गया जिसमें एनडीए विंग के फिजिकल इंस्ट्रेक्टर बलवान सिंह व अशोक चौहान सहित संरक्षक अंकित आर्य उनके साथ रहे। यहां पर छात्रों ने आईएमए-157, टेक्निकल ग्रेजुएट-140, टेक्निकल एंट्री स्कीम- 46, स्पेशल कमीशंड ऑफिसर्स-46 के न्यू ऑफिसर्ज की पॉसिंग आउट परेड देखी और सेना के इन जांबाज अधिकारियों के टीमवर्क, बॉडी लैग्वेंज, शानदार प्रदर्शन और गजब के उत्साह ने छात्रों को मोटिवेट किया। यहां छात्रों ने सीखा कि सेना के एक अच्छे अधिकारी के अंदर क्या-क्या विशेषताएं और गुण होने चाहिए।
गुरुकुल के छात्रों ने देश के गौरव आईएमए की भव्यता को निहारा और सेनाओं को काबिल ऑफिसर देने वाली इस ऐतिहासिक इमारत के अलग-अलग हिस्से में मौजूद अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, पराक्रम और शौर्य को महसूस किया। साथ ही छात्रों ने फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में विभिन्न जानकारी हासिल की।
बहरहाल, गुरुकुल के छात्रों का यह दौरा बहुत सफल रहा। इससे छात्रों में एक नए उत्साह का संचार हुआ साथ ही उन्हें बहुत महत्त्वपूर्ण जानकारी और अनुभव प्राप्त हुए जो उनके भावी जीवन में एक प्रेरणा बनकर उनका मार्गदर्शन करेंगे।




