Uncategorized

विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका : प्रो. सोमनाथ सचदेवा

हेपेटाइटिस से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी : प्रो. निरुपमा त्रेहनपति।
केयू विस फोरम व केयू एलुमनी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘महिलाओं में हेपेटाइटिस के संदर्भ में स्वास्थ्य जागरूकता’ विषय पर एक दिवसीय सेमिनार व पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम आयोजित।

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 13 मार्च : विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग, गणित सहित अन्य क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के समय में महिलाओं की शक्ति केवल विज्ञान के क्षेत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में महिलाओं का स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक माना जा रहा है क्योंकि एक स्वस्थ महिला पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। यह उद्गार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शुक्रवार को केयू सीनेट हॉल में केयू विस फोरम एवं केयू एलुमनी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘महिलाओं में हेपेटाइटिस के संदर्भ में स्वास्थ्य जागरूकता’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार का उद्घाटन करते हुए बतौर मुख्य वक्ता व्यक्त किए। सेमिनार का शुभारम्भ सभी अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यदि महिलाओं का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, तो वे समाज को बेहतर दिशा दे सकती हैं और देश के विकास में अधिक प्रभावी योगदान कर सकती हैं। वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में भी ‘स्वास्थ्य’ महत्वपूर्ण आधार माना गया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने और रोग-प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को मजबूत बनाने के लिए स्ट्रीट फूड से परहेज करना, पौष्टिक और संतुलित आहार लेना, पर्याप्त नींद लेना और स्क्रीन पर बिताए जाने वाले समय को कम करना शामिल है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि एनईपी के अनुरूप विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन एवं रचनात्मकता पर बल दिया गया है जो भारत को वैश्विक स्तर पर महाशक्ति बनने का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि केयू ने एनईपी 2020 को पूरे भारत में सर्वप्रथम सभी प्रावधानों के साथ लागू किया है। वहीं शोध एवं नवाचार संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अब तक 60 से अधिक पेटेंट पब्लिश हो चुके हैं तथा 34 की मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने जल्द ही सर्वश्रेष्ठ थिसिस एवं शोध के लिए शोधार्थियों को अवार्ड देने की भी बात कही। इस अवसर पर कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, प्रो. निरुपमा त्रेहनपति ने साइंस कार्निवल के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
केयू एलुमनी व प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रो. निरुपमा त्रेहनपति, मॉलिक्यूलर और सेलुलर मेडिसिन विभाग, इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एवं पित्त विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली ने बतौर मुख्य वक्ता कहा कि हेपेटाइटिस से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। इसके साथ ही हेपेटाइटिस के बारे में जानकारी फैलाकर, टीकाकरण को बढ़ावा देकर, स्वच्छता बनाए रखकर और संतुलित पोषण सुनिश्चित करके, हम महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकते हैं और एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब हेपेटाइटिस से लिवर प्रभावित होता है, तो यह आयरन और विटामिन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के मेटाबोलिजम में बाधा डाल सकता है, जो स्वस्थ रक्त निर्माण के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस ए दूषित भोजन और पानी से, बी संक्रमित खून, सुई या असुरक्षित यौन संबंध से, सी संक्रमित रक्त या मेडिकल उपकरणों से, डी केवल उन लोगों में होता है जिन्हें पहले से हेपेटाइटिस बी है तथा ई दूषित पानी से फैलता है और गर्भवती महिलाओं के लिए अधिक खतरनाक हो सकता है। इसलिए, हेपेटाइटिस और एनीमिया दोनों का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने के लिए उचित पोषण, समय पर निदान, टीकाकरण और नियमित चिकित्सा निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाते हैं।
कोऑर्डिनेटर विस फोरम प्रो. अनीता भटनागर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि केयू विस फोरम की स्थापना वर्ष 2019 में की गई थी। यह मंच जो विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिष्ठित व्यक्तित्व को एक साथ लाकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्रों में लैंगिक असमानता को दूर करने का प्रयास करता है, और महिलाओं को स्टेम में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित व सशक्त बनाता है। कार्यक्रम में मंच का संचालन डॉ. मोनिका व डॉ. दीप्ति ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर केयू डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, कुका निदेशक प्रो. अनिल मित्तल, डीन लाइफ साइंस प्रो. जसबीर ढांडा, प्रो. जीपी दुबे, प्रो. सुनीता दलाल, प्रो. नीरा राघव, प्रो. परमेश कुमार, प्रो. अनीता दुआ, डॉ. विनीता भांकर, डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज, डॉ. कंवलदीप, लोक सम्पर्क विभाग की उपनिदेशिका डॉ. जिम्मी शर्मा, डॉ. सुमन मेहंदिया, डॉ. मनीषा संधू, डॉ. दीप्ति, डॉ. ललिता, डॉ. संगीता, डॉ. सुमन बाला, डॉ. बिंदु बतान, डॉ. योगेश, डॉ. हरदीप, डॉ. कमल, डॉ. आशीष गिरधर, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. अजय, डॉ. अमिता शर्मा, डॉ. पूनम भारद्वाज सहित शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
साइंस कार्निवल के विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत।
कार्यक्रम के दौरान कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रो. निरुपमा त्रेहनपति सहित सभी अतिथियों ने साइंस कार्निवल के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। भाषण प्रतियोगिता के यूजी प्रतिभागियों में पहला स्थान, निखिल, दूसरा ऋषिता तोमर व तीसरा आयशा ने प्राप्त किया। वहीं पीजी प्रतिभागियों में पहला स्थान प्रियांशी, दूसरा खुशी व तीसरा प्राची ने हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता के यूजी प्रतिभागियों में पहला स्थान ऋषिता तोमर, दूसरा निकिता तथा तीसरा शीतल ने प्राप्त किया। पीजी प्रतिभागियों में प्रथम स्थान खुशबु धीमान, दूसरा खुशी व तीसरा जसमीत कौर ने प्राप्त किया। स्लोगन में यूजी प्रतिभागियों में पहला स्थान ऋषिता तोमर व दूसरा स्थान पारस यादव ने प्राप्त किया। पीजी प्रतिभागियों में पहला स्थान सिमरनदीप, दूसरा प्रियांशी व तीसरा स्थान खुशी ने प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel