
मोबाइल टावर पर चढ़ा आशिक, ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा से मचा हड़कंप
बिलरियागंज। क्षेत्र के तोहफापुर गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध होने के बावजूद उसकी शादी कहीं और तय हो जाने से नाराज युवक सुबह करीब 6:30 बजे टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा।
टावर के शिखर पर खड़े युवक को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसआई योगेंद्र पाल के अनुसार, युवक मानसिक तनाव में था, फिलहाल उसकी हालत सामान्य है और मामले की जांच की जा रही है।


