
शहीद ऊधम सिंह रोड बनी हादसों का कारण प्रशासन पर लापरवाही के आरोप-संदीप गुलाटी
(पंजाब) फिरोजपुर 24 अप्रैल [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
फिरोजपुर शहर की व्यस्त शहीद ऊधम सिंह रोड एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह विकास नहीं बल्कि खतरनाक लापरवाही है। एंटी क्राइम एंटी नारकोटिक्स इंडिया विंग के सदस्यों ने प्रेस क्लब चौक के नजदीक पहुंचकर सड़क की बदहाल स्थिति को उजागर किया और पत्रकारों को मौके पर पूरी जानकारी दी।
संगठन के सदस्यों ने बताया कि यह सड़क बीच से धंस चुकी है, जिससे हर समय हादसे का खतरा मंडरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पहले इस समस्या की कभी सुध नहीं ली गई, लेकिन जब पंजाब के गवर्नर का दौरा तय हुआ तो प्रशासन ने रातों-रात इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर सड़क को चमका दिया।
अब वही सड़क फिर बैठ चुकी है और प्रशासन पूरी तरह आंखें मूंदे बैठा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उसके बाद ही कार्रवाई की जाए। सबसे खतरनाक पहलू यह है कि सड़क का धंसा हुआ हिस्सा चलते वाहनों को साफ दिखाई नहीं देता। तेज रफ्तार के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे लोगों की जान जोखिम में है। ऐसे ही हालत पंजाब रोडवेज बस अड्डे के हैं यहां से बस अड्डे को प्रवेश करती है। फिरोजपुर के अलग-अलग स्थानों की दशा भी कुछ ऐसे ही नजर आ रही है।
इस मौके पर संगठन के चेयरमैन संदीप गुलाटी,अध्यक्ष सूरज मेहता, सेक्रेटरी सुरेंद्र अरोड़ा और गौरव डोडा ने प्रशासन से तुरंत इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले हालात को सुधारा जा सके।

