
कुरुक्षेत्र के 10 स्कूलों में ऑफलाइन और ऑनलाइन मोड से दिया जा रहा है प्रशिक्षण।
कुरुक्षेत्र पिपली, प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 27 अप्रैल : नवीन जिन्दल फाउंडेशन एवं इंस्ट्रको के संयुक्त तत्वावधान में गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, थानेसर में आज एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा उन्हें दैनिक जीवन में उपयोगी कौशलों से सशक्त बनाना रहा। सत्र में छात्राओं ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ भाग लिया। इस अवसर पर इंस्ट्रको की शिवानी ने छात्राओं को शिष्टाचार संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया। उन्होंने रोचक कहानियों के माध्यम से छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया, जिससे छात्राओं ने न केवल विषय को समझा बल्कि उसे आत्मसात भी किया। सत्र के दौरान उन्होंने छात्राओं से प्रश्न भी पूछे, जिससे उनकी भागीदारी और अधिक सक्रिय बनी रही। अंत में छात्राओं से फीडबैक भी लिया गया।
इस पहल के अंतर्गत छात्राओं को कंप्यूटर ज्ञान, व्यवहार कौशल, संचार कौशल, बैंकिंग की मूलभूत जानकारी, शिक्षा के महत्व, शिष्टाचार, खान-पान और रहन-सहन से संबंधित विविध विषयों पर व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी श्री धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों का समग्र विकास करना है, ताकि वे भविष्य में आत्मविश्वास के साथ रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले के 10 स्कूलों को इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चिन्हित किया गया है, इन स्कूलों में 25-25 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें से 20 सत्र ऑफलाइन और 5 सत्र ऑनलाइन माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक छात्रों तक इस कार्यक्रम का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की यह पहल न केवल शिक्षा के पारंपरिक स्वरूप को सशक्त बना रही है, बल्कि छात्रों को जीवन के व्यावहारिक पहलुओं के लिए भी तैयार कर रही है। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से युवाओं के उज्जवल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।


