
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : विश्व अस्थमा दिवस के अवसर पर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के निर्देशन में यूपीएचसी सी.बी. गंज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Asthma Education Empowers” के अनुरूप आमजन को अस्थमा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने उपस्थित मरीजों एवं समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि अस्थमा एक नियंत्रित होने वाली बीमारी है, यदि समय पर सही उपचार और सावधानी बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से इनहेलर के सही उपयोग पर जोर देते हुए बताया कि “इनहेलर जीवन रक्षक हैं और इन्हें सही तकनीक से उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।”
अस्थमा के प्रमुख लक्षण जैसे सांस लेने में तकलीफ, सीटी जैसी आवाज (wheezing), लगातार खांसी आदि के बारे में जानकारी दी गई तथा धूल, धुआं और प्रदूषण जैसे ट्रिगर्स से बचाव की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि नियमित जांच, दवा का सही पालन एवं जीवनशैली में सुधार से अस्थमा को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।
आमजन से अपील की गई कि पराली न जलाएं तथा खाना गैस पर बनाएं, जिससे वायु प्रदूषण कम हो और अस्थमा के मरीजों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों को इनहेलर के सही उपयोग का डेमोंस्ट्रेशन भी दिया गया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ—हिरदेश, सरिता, मनमोहन, मनु, रजनी, सूरज एवं मोनू—का विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


