श्रीकृष्ण संग्रहालय में हेरिटेज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित।

थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 16 मई : अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस-2026 के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण संग्रहालय में आज संग्रहालय के सभागार में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डॉ. कुलदीप आर्य रहे।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस-2026 का विषय “विभाजित विश्व को एकजुट करते संग्रहालय” अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय परिषद द्वारा निर्धारित किया गया है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों में सांस्कृतिक विरासत, संवाद, सामाजिक समरसता एवं संग्रहालयों के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन श्रीकृष्ण संग्रहालय के प्रभारी बलवान सिंह द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से किया गया। प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक, ज्ञानवर्धक एवं दृश्यात्मक स्वरूप प्रदान करते हुए प्रश्नों को चित्रों, कलाकृतियों, संग्रहालय की प्रदर्शित वस्तुओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिनका विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।
प्रतियोगिता के प्रश्न मुख्यतः निम्न विषयों पर आधारित थे—
(i) भगवान श्रीकृष्ण का जीवन एवं उपदेश
(ii) श्रीकृष्ण संग्रहालय की दीर्घाएँ एवं प्रदर्शित वस्तुएँ
(iii) 48 कोस कुरुक्षेत्र की विरासत एवं सांस्कृतिक परंपराएँ।
प्रतियोगिता से पूर्व विद्यार्थियों को संग्रहालय की विभिन्न गैलरियों का भ्रमण करवाया गया ताकि वे संग्रहालय में प्रदर्शित मूर्तिकला, चित्रकला, पुरातात्विक अवशेषों, महाभारत प्रसंगों तथा श्रीकृष्ण विषयक प्रदर्शनों को निकट से समझ सकें। प्रश्नोत्तरी के दौरान भारतीय चित्रकला शैलियों, लोक कलाओं, महाभारत कथानकों, कुरुक्षेत्र के तीर्थों एवं सांस्कृतिक विरासत से संबंधित दृश्य भी प्रदर्शित किए गए।
प्रतियोगिता में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की टीम में कृतिका, अर्नव गर्ग एवं वृंदा गर्ग शामिल रहे।
द्वितीय स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने प्राप्त किया। विद्यालय की टीम में लिजा, चार्वी सिंह एवं प्रांजलि शामिल रहीं।
तृतीय स्थान जगत गुरु ब्रह्मानंद विद्या निकेतन ने प्राप्त किया। विद्यालय की टीम में सुमित्रा, आयुष तथा लोकेश शामिल रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. कुलदीप आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संग्रहालय केवल पुरावशेषों के संरक्षण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सांस्कृतिक स्मृति, विरासत एवं ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में इतिहास, संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, विषय ज्ञान एवं सांस्कृतिक समझ की सराहना की।
इसी श्रृंखला में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर 18 मई, 2026 को संग्रहालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं कलात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत संग्रहालय परिसर में बोधि वृक्ष के नीचे फाइन आर्ट्स (मूर्तिकला) प्रशिक्षुओं द्वारा अनुपयोगी टेराकोटा दीयों से निर्मित बुद्ध प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों एवं आगंतुकों के लिए सजीव मूर्तिकला प्रदर्शन तथा क्ले रिलीफ आर्ट कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की विजेता टीमों को सम्मानित भी किया जाएगा।
अंत में संग्रहालय द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यालयों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आभार व्यक्त किया गया।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सीएमओ सभागार में संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण

Sat May 16 , 2026
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सीएमओ सभागार में संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण “हर रविवार, मच्छर पर वार” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर

You May Like

Breaking News

advertisement