
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
नुक्कड़ नाटक के जरिए नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा एवं ई.एन.एच.एम. विभाग इज्जतनगर के मार्गदर्शन में इज्जत नगर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 अभियान के अंतर्गत रेलवे बोर्ड की दिशा निर्देशों के अनुपालन में कासगंज स्टेशन परिसर पर नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था बरेली के कलाकारों द्वारा एक बेहद प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक का मुख्य उद्देश्य आम जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण व ग्लोबल वार्मिंग के खतरों से आगाह करना था।
कलाकारों के जीवंत अभिनय ने बांधा समां
संस्थान के कलाकारों ने ढोलक की थाप और गूंजते नारों के साथ नाटक की शुरुआत की, जिसने देखते ही देखते भारी भीड़ को अपनी ओर आकर्षित कर लिया। नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि कैसे इंसान अपने स्वार्थ के लिए पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर रहा है और प्लास्टिक का बेहिसाब इस्तेमाल करके अपनी ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकार में डाल रहा है।
कलाकारों ने जल संरक्षण, ‘सिंगल-यूज प्लास्टिक’ के बहिष्कार और अधिक से अधिक पौधे लगाने के विषय को बेहद संजीदगी और हास्य-व्यंग्य के मिश्रण के साथ पेश किया। नाटक के अंत में भावुक कर देने वाले दृश्यों को देखकर वहां मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं और सभी ने तालियां बजाकर कलाकारों के प्रयास की सराहना की।
पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प
संस्था की निर्देशिका हरजीत कौर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा:
”पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। अगर हम आज नहीं संभले, तो आने वाला कल बेहद भयानक होगा।”
कार्यक्रम के समापन पर नव ज्योति नृत्य नाट्य संस्था के सदस्यों और वहां मौजूद यात्रियों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने और इस साल कम से कम एक पौधा लगाने व उसकी देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था के प्रमुख कलाकार पवन कुमार, बब्लू, नरेश कुमार, भोलेनाथ सिंह, गुड्डू सागर, राखी यादव, अतुल मौर्या, आकाश सक्सेना व संस्था की ओर से संचालन कर रहे रवि सक्सेना सहित कार्यक्रम के विशेष सहयोगी स्टेशन प्रबंधक कासगंज नरेंद्र मिश्रा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कासगंज जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ लिपिक ई.एन. एच.एम. कासगंज व रेलवे के अन्य संविदा कर्मचारी आदर्श कुमार सुपरवाइजर, सोनू, बंटी, उर्मिला, आरती, संगीता, सुशील, धर्मसिंह, जय प्रकाश, गौरव, संजीव, अनिल, सजन कुमार, एवं अन्य समस्त रेलवे कर्मचारी, वेंडर व रेल यात्री उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल समापन के उपरांत संस्था निर्देशिका हरजीत कौर ने कार्यक्रम आयोजक मंडल प्रबंधक इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा व वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ई. एन. एच. एम. इज्जतनगर शैलेन्द्र कुमार का आभार प्रकट किया।


