
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत आज नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या-09, नौमहला स्थित मलिन बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण कार्यक्रम एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण एवं निस्तारण के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “सरकार आपके द्वार” जनसमस्या समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर में पेंशन, विद्युत, पूर्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा अनेक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।
आज विशेष स्वच्छता अभियान के तहत माननीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा नौमहला मलिन बस्ती वार्ड नंबर 09 में सड़क पर झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश दिया गया। इसके साथ ही स्वच्छता ही सेवा पर आधारित शपथ भी ली गई।
इस अवसर पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि अब हमारी सरकार पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं के लाभ पहुंचाने के लिए उनके घर तक जा रही है। उन्होंने मलिन बस्तियों के लोगों से कहा कि जिनकी जिस भी विभाग से सम्बन्धित समस्या हो वो इस समाधान शिविर में आए और उनकी समस्या का इस समाधान शिविर में अवश्य ही निवारण होगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लोगों की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर महापौर डॉ उमेश गौतम ने कहा कि माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लगातार सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्व करने के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा आयोजित इस समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में नौमहला मलिन बस्ती के लोग आकर अपनी किसी भी विभाग से सम्बन्धित समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सरकार से पहले कोई भी नगर निगम की सरकार जनता के समक्ष जा कर नहीं बैठती थी ,उनको जनता का समाना करने में डर लगता था लेकिन माननीय प्रधानमंत्री और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में नगर निगम जनता के समक्ष जाकर समस्याओं का समाधान कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है,हम सब की सहभागिता से शहर स्वच्छ बनता है और स्वच्छ शहर से ही स्वास्थ भी अच्छा होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग से सम्बन्धित कोई भी समस्या हो तो उसको यहां आकर तुंरत नोट करवाएं।
शिविर में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान एक संदेश देने के लिए चलाया जाता है , स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है, शहर को साफ बनाने में सभी को भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।यदि हम स्वच्छ रहेंगे,हमारा वातावरण स्वच्छ रहेगा तभी हम स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने घर में ,परिवार में सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी हम जाए , स्वच्छता का ध्यान रखें।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर “जनता के द्वारा चुनी गई सरकार ,जनता के द्वार पर सरकार” आधारित ये कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है,इसका मूल उद्देश्य आज इस मलिन बस्ती के एक एक घर पर जाकर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी रूप से समाधान करना है और ये बताना है कि कल हम कहां पर थे,आज कहां पहुंचे है और ऐसे ही विकास की गति पर चलते रहे तो कुछ वर्षों में हम कल कहां पर होंगे। आज इस स्वच्छता अभियान से हमें आमजनमानस को स्वच्छता के लिए प्रेरित करना था । हम सभी लोगों को साथ आकर अपनी बरेली को साफ रखना है। हम लोगों को “क्लीन बरेली,हेल्थी बरेली” की मूल भावना को आगे लाकर कार्य करना है,अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे तथा नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके निकट ही सुनिश्चित किया जाए। इस प्रकार के शिविर शासन की जनहितकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने शिविर एवं स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया तथा प्रशासन एवं नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य,अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय , पार्षदगण सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी और जनमानस उपस्थित रहें।


